चीन से एडवांस फाइटर जेट खरीदने की ताक में बांग्लादेश, ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र

चीन से J-10CE फाइटर जेट खरीदना बांग्लादेश की वायुसेना को मजबूत और आधुनिक बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है.भारत से तनाव के बीच बांग्लादेश अपनी एयरफोर्स को आधुनिक बनाने के लिए चीन से J-10CE लड़ाकू विमान खरीदने की योजना बना रहा है. बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार जाहेद उर रहमान ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए बताया कि बांग्लादेश की J-10CE में दिलचस्पी क्यों बढ़ी है. एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार पीएम सचिवालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलाहकार ने कहा कि इन विमानों की खरीद इस बात पर निर्भर करेगी कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में इसके लिए बजट मिल पाता है या नहीं.

उन्होंने कहा कि अगर इस वित्तीय वर्ष में बजट मिलता है तो खरीदारी आगे बढ़ेगी. अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसे अगले बजट तक टाल दिया जाएगा. रहमान ने कहा कि बांग्लादेश चीनी लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन पर करीब से नजर रख रहा है. उन्होंने कहा, “जब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ था, तब भारत का डसॉल्ट राफेल गिराया गया था और इसे चीनी J-10 ने गिराया था.”

रहमान ने आगे कहा कि बांग्लादेश ने राफेल के खिलाफ चीनी लड़ाकू विमान के प्रदर्शन पर ध्यान दिया था. यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि भारतीय सेना ने साफ-साफ इस झूठ का पर्दाफाश किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत का राफेल नहीं गिरा था. पाकिस्तान ख्याली पुलाव बनाता रहा, झूठ फैलाता रहा और आखिर में घुटनों पर आया.
कम कीमत, एडवांस एयरफोर्स… बांग्लादेश का प्लान क्या है
इन विमानों की खरीद बांग्लादेश की वायुसेना को मजबूत और आधुनिक बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है. बांग्लादेशी सरकार चौथी पीढ़ी के मल्टी-रोल लड़ाकू विमान, हमलावर हेलिकॉप्टर, वीआईपी हेलिकॉप्टर और बिना इंसान ऑटोमेटिक चलने वाले हवाई व्लिकल (यूएवी) सिस्टम खरीदने पर भी विचार कर रहा है. रहमान ने यह भी बताया कि बांग्लादेश की खरीदारी की योजना में चीनी लड़ाकू विमानों की कम कीमत भी एक अहम कारण है.

बता दें कि J-10CE खरीदने की संभावना पहले भी बांग्लादेश की अपनी लड़ाकू क्षमता बढ़ाने की योजनाओं के हिस्से के तौर पर सामने आ चुकी थी. जून में मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि ढाका चीन से 24 J-10CE मल्टी-रोल लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रहा है. बताया गया था कि इस संभावित सौदे पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान की चीन यात्रा के दौरान चर्चा हो सकती है.उस समय बांग्लादेश के एक सीनियर सरकारी अधिकारी ने डेली वाडा को बताया था कि बातचीत में प्रगति होने पर बांग्लादेश को उम्मीद है कि वह अगस्त तक इन लड़ाकू विमानों के लिए समझौते पर हस्ताक्षर कर सकता है. अधिकारी ने एक विमान की कीमत करीब 4 करोड़ अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान लगाया था. J-10CE चीन के जे-10सी मल्टी-रोल लड़ाकू विमान का दूसरे देशों को बेचने वाला वर्जन है. इसे कई तरह के लड़ाकू अभियानों के लिए बनाया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *