अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में ओमान की खाड़ी और अरब सागर में नाकाबंदी लागू कर दिया है और यह नाकाबंदी सभी प्रकार के जहाजों पर लागू होगी, चाहे उनका ध्वज किसी भी देश का हो. यह जानकारी सोमवार को रॉयटर्स द्वारा देखी गई नाविकों को भेजी गई एक सूचना में अमेरिकी केंद्रीय कमान ने दी. इस सूचना में कहा गया है कि नाकाबंदी सोमवार को भारत के समय के अुनसार शाम साढ़े सात बजे से शुरू हुई.
क्या सभी जहाजों को रोका जाएगा
सूचना में आगे कहा गया है, “बिना अनुमति के नाकाबंदी वाले क्षेत्र में प्रवेश करने या बाहर निकलने वाले किसी भी जहाज को रोका जा सकता है, उसका मार्ग बदला जा सकता है और उसे जब्त किया जा सकता है. नाकाबंदी से होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गैर-ईरानी गंतव्यों के लिए आने-जाने वाले तटस्थ पारगमन मार्ग में कोई बाधा नहीं आएगी.”
ईरान ने दी चेतावनी
वहीं ईरान की प्रेस टीवी ने एक्स पर ट्वीट किया है कि ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल सैयद मजीद इब्न रजा ने कहा है कि हम किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं, और सशस्त्र बल पूरी तरह से सतर्क हैं. दुश्मन द्वारा किसी भी प्रकार की आक्रामकता या उकसावे का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.प्रेस टीवी की तरफ से ही ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता का बयान जारी किया गया है कि फारस की खाड़ी और ओमान सागर में बंदरगाहों की सुरक्षा या तो सबके लिए है या किसी के लिए नहीं. शत्रु से संबद्ध जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने का अधिकार नहीं है और न ही होगा. अन्य जहाजों को ईरान के सशस्त्र बलों के नियमों का पालन करते हुए जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति होगी. यदि ईरान के बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरा होता है, तो फारस की खाड़ी या ओमान सागर में कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा.