फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम मोदी को किया फोन, दोनों नेताओं ने कहा- होर्मुज को तुरंत खोलना चाहिए

पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की गई.मिडिल ईस्ट के तनाव (Middle East Crisis) ने दुनियाभर की सिरदर्दी बढ़ा रखी है. इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को फोन किया. फोन पर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की पीएम मोदी से बात हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तत्काल बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग जारी रखने का भरोसा दोहराया.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा कि मेरे प्रिय मित्र, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का फ़ोन आया. इस दौरान हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तत्काल बहाल करने की आवश्यकता है. इसके साथ ही इस बात पर जोर दिया कि हम इस क्षेत्र और उससे बाहर भी शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपना घनिष्ठ सहयोग जारी रखेंगे.