बिना हिजाब पहने गाना गाने पर ईरानी सिंगर को मिली 74 कोड़े मारने की सजा, वीडियो को कहा गया- अश्लील

ईरान की फीमेल सिंगर पारास्तू अहमदी को बिना हिजाब यूट्यूब पर परफॉर्मेंस करने के मामले में 74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है. उनका वीडियो लाखों लोगों ने देखा था और अब यही मामला पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है.एक वायरल गाना, लाखों व्यूज और फिर ऐसी सजा जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. ईरान की फीमेल सिंगर पारास्तू अहमदी इन दिनों सुर्खियों में हैं. वजह है उनका वो लाइव म्यूजिक शो, जिसमें उन्होंने बिना हिजाब गाना गाया था. उनका ये वीडियो देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गया और इंटरनेट पर छा गया. लेकिन अब इसी परफॉर्मेंस की वजह से उन्हें 74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है. खबर सामने आते ही सोशल मोडिया पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई और हर कोई इस मामले पर अपनी राय देता नजर आया.

लाखों लोगों ने देखा था ये परफॉर्मेंस

पूरा मामला दिसंबर 2024 का है. पारास्तू अहमदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस किया था. पारास्तू अहमदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक देशभक्ति गीत गाया था. उनकी आवाज और परफॉर्मेंस को लोगों ने खूब पसंद किया. वीडियो ने कुछ ही दिनों में लाखों व्यूज हासिल कर लिए. हालांकि बिना हिजाब नजर आने की वजह से ये वीडियो अधिकारियों की नजर में आ गया और इसके बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा.रिपोर्ट्स के मुताबिक कोर्ट ने पारास्तू अहमदी को 74 कोड़ों की सजा सुनाई है. इतना ही नहीं, उन पर दो साल तक देश छोड़ने और म्यूजिक से जुड़े काम करने पर भी रोक लगा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाया गया कंटेंट नियमों के खिलाफ था. यही वजह है कि ये मामला अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस मामले में केवल पारास्तू अहमदी ही नहीं, बल्कि उनके साथ काम करने वाले कुछ म्यूजिशियन और टीम के अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की गई है. परफॉर्मेंस के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.

सोशल मीडिया पर पारास्तू के समर्थन में उतरे लोग

इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर पारास्तू अहमदी का नाम तेजी से ट्रेंड करने लगा. कई लोगों ने उनके समर्थन में पोस्ट किए और सजा को बहुत सख्त बताया. कुछ मशहूर चेहरों ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए हैं. वहीं पारास्तू का वायरल वीडियो एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा में आ गया है. एक साधारण म्यूजिक परफॉर्मेंस से शुरू हुई ये कहानी अब दुनिया भर की सुर्खियां बन चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *