यह सामूहिक यज्ञ, इसमें सबका योगदान… केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 12 साल में हमने देश के 25 लाख लोगों को गरीबी से मुक्त किया है. उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA सरकार के 12 साल पूरे होने पर NDA कॉन्केल्व को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि ये ईश्वर की विशेष कृपा है. मैं देश की महान जनता को नमन करता हूं. इतना लंबा कार्यकाल मिलना जनता की परिपक्वता का प्रतीक है. जनता-जनार्दन ही ईश्वर का रूप है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इतने लंबे समय तक भारत माता की सेवा करना, उनकी सेवा करने का सौभाग्य मिलना, केवल ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव है. मेरे लिए, जनता ही ईश्वर का रूप है और इसीलिए मैंने हमेशा इस सेवा को एक आध्यात्मिक साधना के रूप में देखा है. यह आध्यात्मिक साधना कभी भी अकेले नहीं रही; यह एक सामूहिक ‘यज्ञ’ है, जिसमें आप सभी और कई अन्य सहयोगियों ने कर्तव्य की भावना के साथ अपनी सेवाएं दी हैं.

‘कांग्रेस के विश्वासघात के बाद देश के लोगों ने अपना भरोसा हमें सौंपा’
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात के बाद 2014 में देश के लोगों ने अपना भरोसा मुझे सौंपा था. मुझे आज गर्व है NDA परिवार के तौर पर हमने देश का विश्वास और मजबूत किया था. देश के लोगों ने देखा है जब सही नीयत से सरकार चलती है दो देश विकास के पथ पर आगे बढ़ता है. 25 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से निकलना ये बताता है कि हमारी नीतियां सही हैं.

‘यह NDA परिवार की सामूहिक उपलब्धि’
NDA नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं उन सभी साथियों का भी आभार व्यक्त करता हूं जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं. इस अवसर पर NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. यह आपके स्नेह और उदारता को दर्शाता है, क्योंकि मैं इस यात्रा को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं देखता. हर तरह से यह हमारी सामूहिक उपलब्धि है, NDA की हर घटक पार्टी की साझा उपलब्धि है. इसलिए, मैं यह प्रस्ताव आप सभी को, हमारे NDA परिवार के हर कार्यकर्ता को, जिसमें BJP के कार्यकर्ता भी शामिल हैं, समर्पित करता हूं. भारत के लोगों की सहज समझ हमेशा से अद्भुत रही है.’लोगों की उम्मीद को आगे बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले के दशकों में काफी अस्थिरता और उथल-पुथल रही, जिससे देश को बहुत नुकसान उठाना पड़ा. हालांकि, अब लोग एक स्थिर सरकार का कामकाज देख रहे हैं और उसकी निर्णायक क्षमता की सराहना कर रहे हैं. आज, मैं इस देश की महान जनता के सामने नतमस्तक होता हूं और उनका आभार व्यक्त करता हूं. जब 2014 में NDA की जीत हुई थी, तो मैंने कहा था कि देश के आम नागरिक के लिए एक नई उम्मीद जगी है. इस उम्मीद को बनाए रखना और उसे आगे बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है.

PM मोदी ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि जो लोग कल तक गरीब थे और अब ‘नया मध्यम वर्ग’ बन गए हैं, उन्हें हमें वापस पीछे नहीं जाने देना चाहिए. इसलिए, एक सरकार और जन-प्रतिनिधि के तौर पर हमें दिन-रात काम करना होगा. 140 करोड़ लोगों वाले इस देश ने हम पर जो उम्मीदें जताई हैं, उन्हें पूरा करने के संकल्प के साथ हमने पूरी कोशिश की है. हमें भारत के युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और किसानों की आकांक्षाओं को पूरा करना होगा.
NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “NDA के 12 साल के शासन की एक बड़ी कामयाबी यह है कि देश कांग्रेस की चालों के जाल से बाहर निकल आया है. आज देश का हर नागरिक ‘विकसित भारत’ के सपने से प्रेरित है. ‘विकसित भारत’ का सपना अब किसी एक व्यक्ति, सरकार या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, यह देश के हर व्यक्ति का सपना और संकल्प बन गया है. हमें इस सपने को पूरा करने के लिए अपना हर पल समर्पित करना होगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *