विधायकों को 75 हजार का तोहफा, 234 MLA को मिलेगी कार, ड्राइवर और सेक्रेटरी, तमिलनाडु में सीएम विजय का ऐलान

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने विधायकों के लिए 75 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया है. इसमें सरकारी भत्ते, फ्यूल और मेंटनेस के लिए ये मदद मिलेगी.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने आम जनता के बाद विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है. उन्होंने सभी विधायकों को कार, ईंधन के लिए 75 हजार रुपये भत्ता और एक सचिव रखने की छूट दी है. विजय ने 234 विधायकों के लिए कार और फ्यूल और मेंटेनेंस के खर्च के लिए अलाउंस का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि विधायकों को उनके चुनावी कामकाज में मदद के लिए सरकारी गाड़ी मिलेगी.विजय ने विधायकों के लिए ड्राइवर, ईंधन और कार के रखरखाव के खर्च के लिए हर महीने 75,000 रुपये का भत्ता देने का भी ऐलान किया.

सेक्रेटरी को 25 हजार रुपये की मदद

विधायकों को अब सरकारी कामकाज के लिए सेक्रेटरी रखने के लिए 25,000 रुपये की सरकारी मदद मिलेगी. विधायकों ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत किया.  TVK की सहयोगी कांग्रेस विधायक थारागाई कथबर्ट ने भी इसका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष के विधायक भी इस फैसले से जरूर खुश होंगे.

सीएम विजय की विधानसभा में घोषणा

विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा, विधायकों को जन समस्याओं को हल करने के लिए अक्सर अपने चुनाव क्षेत्रों में जाना पड़ता है. सरकारी गाड़ी से उनके कामकाज में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार से मुक्त शासन की राह खुलेगी. तमिलनाडु सरकार ने कहा कि मौजूदा विधानसभा में कई ऐसे विधायक हैं जो पहली बार चुने गए हैं.

साधारण परिवेश के विधायकों को मदद

साधारण परिवेश से आने वाले इन विधायकों को भी जनप्रतिनिधि के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कार की जरूरत है. विजय सरकार को समर्थन दे रही पार्टी VCK के विधायक जोथीमनी ने इसकी आवाज उठाई थी. उन्होंने कहा कि जरूरी लॉजिस्टिक्स सपोर्ट के बिना विधायक ठीक से काम नहीं कर पाते और उनके लिए सरकारी वाहन तो होना ही चाहिए.

डीएमके ने की आलोचना

स्कूल शिक्षा मंत्री राज मोहन ने भी इस कदम का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि विधायकों को अपनी जिम्मेदारियां निभाने में मदद मिलने के अलावा इस फैसले से ड्राइवरों और सेक्रेटरी के लिए रोजगार के मौके भी पैदा होंगे. हालांकि विपक्षी पार्टी DMK ने विजय सरकार की घोषणा को गैर जरूरी खर्च बताया. DMK प्रवक्ता सरवनन ने NDTV से कहा, इस फैसले के लिए बहुत फंडिंग की जरूरत होगी. सभी 234 विधायकों के लिए कार का खर्च खजाने पर भारी पड़ेगा. फिर ऊपर से अतिरिक्त भत्तों का भी ऐलान किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *