एक-एक का लिया परिचय और दिए कई मंत्र, PM मोदी ने नितिन नवीन की टीम से 5 घंटे तक की बात; अनुभव भी बताए

पीएम मोदी ने इस दौरान अपने संगठन महामंत्री रहने के दौरान का अनुभव भी साझा किया. उन्होंने बताया कि कैसे आप संगठन को आगे ले जा सकते हैं.नई दिल्ली:
पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई बनी कार्यकारिणी के सभी सदस्यों से मुलाकात की है. शनिवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी के साथ इन लोगों का संवाद करीब 5 घंटे तक चला. इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय टीम में शामिल सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बात की. उनके करियर, अनुभव और कामकाज के तरीके के बारे में जाना. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी के अनुभवों को बड़े धीरज के साथ सुनते हुए दिखे. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में अपनी 65 सदस्यों की टीम का ऐलान किया था. शनिवार को इस टीम के साथ पहली बैठक थी, जिसमें वंदे मातरम को लेकर प्रस्ताव पारित हुआ. फिर शाम को पीएम नरेंद्र मोदी सत्र के अंत में पहुंचे.

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संबोधित किया. इसके अलावा टीम के साथ कई मामलों पर चर्चा भी की. सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी ने इस दौरान अपने संगठन महामंत्री रहने के दौरान का अनुभव भी साझा किया. उन्होंने बताया कि कैसे आप संगठन को आगे ले जा सकते हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने टीम के साथ मिलकर काम करने, साझा जिम्मेदारी लेने और आपस में मजबूत समन्वय बनाकर रखने का मंत्र दिया. पीएम मोदी ने कहा कि यह समन्वय संगठन में हर स्तर पर दिखना चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी में होने वाला कोई भी प्रयास और रणनीति इस दिशा में होने चाहिए कि कैसे जमीनी स्तर पर काम हो और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाए.

Latest and Breaking News on NDTV
PM मोदी बोले- ऐसी बैठकें होती रहनी चाहिए
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ऐसी बैठकें होती रहनी चाहिए. इससे आपस में संवाद बेहतर होता है. इसके अलावा अच्छे और नए विचार भी आते हैं. इसके अलावा नए दृष्टिकोण भी विकसित होते हैं. बता दें कि नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव, सुनील बंसल, पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी समेत कई बड़े नाम शामिल हैं. इसके अलावा यूपी के नेता हरीश द्विवेदी को भी महामंत्री के तौर पर टीम में शामिल किया गया है. शनिवार को हुई बैठक की शुरुआत नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने की थी. इस दौरान सभी पदाधिकारियों का आपस में परिचय भी कराया गया था. फिर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ शाम को देर तक संवाद चला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *