‘आप कब बड़े होंगे…?’ PM मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर भड़के बीजेपी नेता

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजनीति में मतभेद और असहमति अपनी जगह है, लेकिन राहुल गांधी की भाषा से अब उनके पालन-पोषण और संस्कारों पर सवाल खड़ा होने लगा है.

पीएम मोदी की विदेश नीति का मजाक उड़ाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीजेपी के निशाने पर हैं. बीजेपी ने उन पर पीएम नरेंद्र मोदी की विदेश नीति का मजाक उड़ाने, असभ्य और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और नेता विपक्ष के पद की गरिमा को गिराने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने गुरुवार को ‘रचनात्मक कांग्रेस राष्ट्रीय सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की विदेश नीति संभालने के तरीके का मजाक उड़ाया था. उन्होंने कहा था कि ये विदेश नीति सिर्फ नेताओं को गले लगाने तक ही सीमित है.

राहुल गांधी पर हमलावर बीजेपी नेता 

इतना ही नहीं राहुल गांधी ने अपने पद की गरिमा का बिल्कुल भी ध्यान न रखते हुए बहुत सी अशोभनीय बातें कहीं. उन्होंने बीजेपी-आरएसएस को “जोकरों का झुंड” भी कहा, जिनको देश की कोई समझ नहीं है. राहुल गांधी के इस तरह के भद्दे कमेंट्स को लेकर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर, बीजेपी नेता स्मृति ईरानी समेत तमाम पार्टी नेता उन पर हमलावर हैं.

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर पलटवार कते हुए एक्स पर कहा कि ऐसा नेता विपक्ष देखना ही बाकी रह गया था, यह देश के लोकतंत्र का दुर्भाग्य है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए भी यह कितने दुख की बात होगी कि उन्हें राहुल गांधी को अपना नेता मानना ​​पड़ रहा है.

वहीं पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी ने बिना नाम लिए राहुल पर पलटवार करते हुए कहा कि ऊंचाई तक पहुंच न पाए, अभद्र व्यवहार करते हैं. तर्कों से जो हार गए वो मर्यादा तार-तार करते हैं. माना जा रहा है क उनका इशारा राहुल गांधी की ओर था.

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजनीति में मतभेद और असहमति अपनी जगह है, लेकिन राहुल गांधी की भाषा से अब उनके पालन-पोषण और संस्कारों पर सवाल खड़ा होने लगा है. उन्होंने कहा कि जिस परिवार की महिलाएं देश में उच्चतम पदों पर रहीं, ऐसे परिवार से ताल्लुक रखने वाले राहुल गांधी द्वारा एक महिला राष्ट्राध्यक्ष के बारे में ऐसी अशोभनीय टिप्पणी करना उनकी मानसिकता को दिखाता है.

वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर पीएम मोदी और देश के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने राहुल गांधी से थोड़ा मैच्योरिटी दिखाने को कहा. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, आप कब बड़े होंगे? देश को चलाने के लिए परिपक्व नेतृत्व की जरूरत होती है, न कि नौसिखिया ड्रामेबाजी की. लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को ‘जोकर और मसखरे’ कहना ये साबित करता है कि आपकी समझ बहुत कम है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *