वैभव सूर्यवंशी ने ICC T20I रैंकिंग में 230 स्थान की लंबी छलांग लगाकर मचाया तहलका, गिल वनडे में फिर नंबर 1

ICC T20I and ODI Ranking: वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन T20I मैचों की सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे, उन्होंने अपनी टीम की 3-0 से जीत में 50.33 की औसत से 151 रन बनाए.

बुधवार को भारत के कप्तान शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों की ICC रैंकिंग में फिर से नंबर 1 स्थान हासिल किया, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया शानदार प्रदर्शन के बाद T20I में 230 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल किया. गिल ने वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर न्यूजीलैंड के मुख्य बल्लेबाज डेरिल मिशेल की जगह ली है. मिशेल इस साल जनवरी से शीर्ष स्थान पर थे.

ICC ने कहा, “वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच हालिया सीरीज खत्म होने के बाद वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कुछ बदलाव हुए हैं. ‘ब्लैक कैप्स’ के दाएं हाथ के बल्लेबाज डेरिल मिशेल की अनुपस्थिति के कारण शुभमन गिल 50 ओवर के क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज बन गए हैं.” ICC ने आगे कहा, “मिशेल इस साल जनवरी से शीर्ष स्थान पर थे.”

सूर्यवंशी, जिन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन T20I मैचों की सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे, उन्होंने अपनी टीम की 3-0 से जीत में 50.33 की औसत से 151 रन बनाए. 15 वर्षीय बल्लेबाज T20I बल्लेबाजों की सूची में 230 स्थान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इस सूची में उनके साथी खिलाड़ी ईशान किशन 910 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर हैं.

जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20I के बाद 916 अंक हासिल करने पर किशन ने अभिषेक शर्मा (931) और डेविड मलान (919) के बाद अब तक की तीसरी सबसे अच्छी बल्लेबाजी रेटिंग दर्ज की थी. कुछ रेटिंग अंक गंवाने के बावजूद, किशन दूसरे स्थान पर मौजूद साहिबजादा फरहान (848) से काफी आगे हैं.

ICC ने कहा, “सूर्यवंशी की 536 अंकों की रेटिंग उनके अधिक अनुभवी साथियों की तुलना में काफी कम है, लेकिन किशन अब सूर्यकुमार यादव (912) और विराट कोहली (909) जैसे अधिक सफल भारतीय खिलाड़ियों की तुलना में बेहतर करियर बल्लेबाजी रेटिंग का दावा कर सकते हैं.”

इस बीच, तिलक वर्मा दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए, जबकि T20I कप्तान श्रेयस अय्यर सात स्थान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए. लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई T20I गेंदबाज़ों की लिस्ट में 31 स्थान ऊपर चढ़कर 41वें नंबर पर पहुँच गए, जबकि चोट के कारण ज़िम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान नीचे खिसक गए, लेकिन फिर भी टॉप 10 रैंकिंग में बने रहे.

ज़िम्बाब्वे के रयान बर्ल बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर 85वें नंबर पर पहुँच गए, जबकि ब्लेसिंग मुज़राबानी 10 स्थान की छलांग लगाकर गेंदबाज़ों में 26वें नंबर पर आ गए. वेस्टइंडीज़ के जस्टिन ग्रीव्स को भी पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला. ग्रीव्स ने तारोबा में लगातार पाँच विकेट-मेडन ओवर डाले, जिससे वेस्टइंडीज़ ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराकर सीरीज़ में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली.

ग्रीव्स टेस्ट गेंदबाज़ों में 21 स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर और सबसे लंबे फ़ॉर्मेट में ऑल-राउंडरों की लिस्ट में नौवें नंबर पर पहुंच गए. जेडेन सील्स 24वें नंबर पर पहुँच गए, जबकि पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास, जिन्होंने भी पाँच विकेट लिए थे, 17वें नंबर पर आ गए. दूसरी पारी में नाबाद अर्धशतक लगाने के बाद बाबर आज़म 15वें नंबर पर पहुँच गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *