ईरान ने हॉर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर दागी मिसाइलें, एक भारतीय नाविक की मौत, 8 अन्य घायल

UAE की ओर से X पर पुष्टि की गई कि हमारे झंडे वाले दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया है. इससे पहले अमेरिका ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से 20 प्रतिशत टोल वसूलने का ऐलान किया था.ईरान ने सोमवार देर रात स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर हमला किया जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.संयुक्त अरब अमीरात के रक्षामंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है. यूएई के रक्षामंत्रालय ने एक्स पर शेयर किया किया कि हमारे झंडे वाले दो तेल टैंकर मोम्बासा और बहिया को निशाना बनाया गया है. इस हमले में मोम्बासा टैंकर पर तैनात एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक हैं.

ईरान ने यह हमला तब किया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को होर्मुज का गार्जियन करार देते हुए 20 प्रतिशत टोल की घोषणा कर दी है. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका अब सभी जहाजों को सुरक्षा मुहैया कराएगा और इस सर्विस के बदले में उसे टैक्स चाहिए.

UAE ने क्या कहा?
ईरान के इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए UAE ने कहा कि उसे जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है और उसने अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए तैयारी बढ़ा दी है. UAE के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की. विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, “मंत्रालय मृतक के परिवार के साथ-साथ भारत सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है, और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है.”

यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव के बाद हुआ है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज को बंद कर दिया है, जिसके जवाब में अमेरिका हर दिन ईरान पर हमला कर रहा है. इसी के साथ, अमेरिका ने घोषणा की कि वह मंगलवार शाम से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले समुद्री यातायात की नाकेबंदी फिर से शुरू करेगा.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकेबंदी खास तौर पर ईरान को निशाना बनाएगी, जबकि अन्य देशों के जहाजों को इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने की अनुमति होगी. बदले में उन्होंने 20 प्रतिशत टोल की मांग की है. एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि नाकेबंदी केवल ईरान और तेहरान के साथ व्यापार करने वालों पर लागू होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *