होर्मुज में जहाज पर हुए हमले में भारतीय की मौत के बाद केंद्र सरकार ने ईरानी राजदूत को किया तलब

ईरान ने सोमवार देर रात हॉर्मुज में UAE के दो तेल टैंकरों पर हमला किया जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए.होर्मुज में UAE के शिपिंग टैंकरों पर हुए ईरानी हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और छह भारतीयों समेत आठ लोग घायल हो गए हैं. इसके बाद भारत ने नई दिल्ली में ईरान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब किया है. भारत के विदेश मंत्रालय ने तेल व्यापार के इस अहम संकरे जलमार्ग से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर ईरानी हमलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए मोहम्मद जवाद होसैनी को तलब किया है.

UAE ने इस बात की पुष्टि की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी रास्ते से गुजरते समय ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ नाम के टैंकरों पर हमला हुआ था. इस हमले में ‘मोम्बासा’ पर मौजूद एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल हैं.

यह हमला ओमान के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में हुआ. यह घटना पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बड़े विस्तार के रूप में सामने आई है.UAE ने क्या बताया?
UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके राष्ट्रीय टैंकर ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहियाह’ ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज के दक्षिणी नौवहन मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं. मंत्रालय ने बताया कि ‘मोम्बासा’ टैंकर पर सवार चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं. उसने बताया कि घायलों में छह भारतीय और यूक्रेन के दो नागरिक शामिल हैं. बयान के अनुसार, हमले के कारण दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा. हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया.

UAE के रक्षा मंत्रालय ने इस ‘‘खुले हमले” की निंदा करते हुए इसे ‘गंभीर उल्लंघन और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट हनन बताया. मंत्रालय ने कहा, ‘‘UAE इस तनावपूर्ण स्थिति पर जवाब देने तथा अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है.”
अमेरिका ने भी लगातार तीसरे दिन किया हमला
इस बीच, अमेरिका ने मंगलवार तड़के ईरान पर हमले किए. यह ईरान पर अमेरिका का लगातार तीसरे दिन का हमला था. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका होर्मुज में ईरानी जहाजों की नाकेबंदी ‘‘फिर से लागू” कर रहा है. उन्होंने होर्मुज से सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के बदले अन्य जहाजों से 20 प्रतिशत का टैक्स लेने का भी ऐलान किया. इसके जवाब में ईरान ने बहरीन, जॉर्डन और यूएई से जुड़े इन दोनों टैंकरों को निशाना बनाकर हमले किए.

बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 11 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इस संघर्ष के दौरान जहाजों और टैंकरों पर हुए हमलों के बीच कई नाविकों को भी बचाया गया है. पिछले महीने पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर अमेरिका के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *