‘जो आस्था की बात कर रहे, उन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी’, अयोध्या में बोले CM योगी

राम मंदिर में दान चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ दूसरी बार अयोध्या पहुंचे. जहां कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले भी किए.राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच शुक्रवार को दूसरी बार अयोध्या पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यानाथ ने विपक्ष को फिर से आड़े हाथों लिया. अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकापर्ण करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखे हमले किए. CM योगी ने कहा, ‘जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्होंने अयोध्या में हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था! आप सोचिए,क्या कोई जामा मस्ज़िद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा? क्या सरकारें करवा पाएगी? क्या कांग्रेस और समाजवादी पार्टी करवा पाएगी? अगर नहीं करवा पाएगी तो ये पाप क्यों करवाया गया था? अयोध्या में हनुमान गढ़ी की सीढ़ियों पर ये पाप क्यों करवाया गया था?

मंशा साफ हो तो काम अपने आप होते हैंः योगी
सीएम योगी ने आगे कहा कि मंशा साफ हो तो काम अपने आप होते हैं, नीति स्पष्ट हो तो नियंता अपने आप सहयोग करता है. आज वह अयोध्या में दिखाई देता है. प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान जी का भी असीम आशीर्वाद जब प्राप्त होता है तो अयोध्या के सारे काम अपने आप बढ़ते दिखाई देता है.

अयोध्या के विकास पर योगी ने की बात
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि कोई सोचता था,अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा. ये समाजवादी पार्टी के लोग विरोध करते थे, एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे,आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सभी प्रमुख शहरों के साथ जुड़ चुका है.कार्यक्रम में सीएम योगी ने भदरसा के नाम बदलने की भी घोषणा की. सीएम ने कहा कि अब भदरसा को भगवान राम के छोटे भाई भरत के सम्मान में भरतपुर-भरतकंड के नाम से जाना जाएगा.

अयोध्या में जो हुआ, वो 500 सालों में नहीं हुआ थाः योगी
सीएम योगी ने आगे कहा कि अयोध्या ने वह करके दिखाया है जो 500 सालों में नहीं हो पाया था. पीढ़ियों पर पीढियां गईं, संतों, राजाओं, समाज के प्रत्येक तबगे ने रामजन्मभूमि मुक्ति के लिए आंदोलन किया,संघर्ष किया. लेकिन जो कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता,आज वो देख रहे हैं कि अयोध्या में लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं.

खिरौनी सुचितागंज नगर पंचायत का नाम भी बदला
पिछली बार उन्होंने मुझसे यहां पर नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज, एक ग्राम पंचायत से नगर पंचायत उन्होंने बनवाई थी. उन्होंने अभी मांग की है कि इसका नामकरण मां ज्वाला जी के नाम पर हो जाए, तो मैं कहता हूं कि इसके नाम पर “मां ज्वाला माई” के नाम पर ही ये होगा, ये मां ज्वाला जी के ही नाम पर अब ये नया नगर पंचायत जानी जाएगी.

चढ़ावा चोरी विवाद सामने आने के बाद 19 जून को अयोध्या आए थे योगी
मालूम हो कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी का विवाद सामने आने के बाद 19 जून को पहली बार यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे थे. तब उन्होंने राम मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया था. लेकिन तब सीएम के कार्यक्रम में चंपत राय मंच पर नजर नहीं आए थे. तभी से यह कयास लगाया जाने लगा था कि इस विवाद के कारण चंपत राय पर गाज गिरनी तय है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *