अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बीच ट्रस्ट के सदस्यों चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है. दोनों ने नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दिया है. चंपत राय राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इसके अलावा अनिल मिश्रा ट्रस्ट में सदस्य थे. विपक्ष लगातार चंपत राय का नाम इस मामले में उछाल रहा था और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था.
बता दें कि चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम एफआईआर में नहीं था लेकिन फिर भी दोनों ने नैतिकता के आधार पर पद छोड़ दिया है. उनके नामों पर सियासत बहुत तेज थी. अब तक इस मामले में 8 गिरफ्तारियां और दो इस्तीफे हो चुके हैं. फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ये इस्तीफे तो जांच से पहले ही हो जाने चाहिए थे. एफआईआर में इनके नाम भी होने चाहिए थे. जिनकी जिम्मेदारी चढ़ावे के लोखे-जोखे की थी उनसे तो पहले ही इस्तीफे लेने चाहिए थे. उन्होंने कहा कि राम मंदिर में करोड़ों लोग आकर चढ़ावा चढ़ाते हैं और माथा टेकते हैं. ये देश और पूरे राष्ट्र का सवाल है. मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की अगुवाई में जांच होनी चाहिए.
बता दें कि एसआईटी एक बार फिर से अयोध्या जाएगी. प्राइमरी रिपोर्ट के बाद कुछ नए नाम पहचाने गए हैं. गिरफ्तार लोगों से पूछताछ और इन नामों पर जांच के लिए जांच एजेंसी फिर से अयोध्या जाने वाली है.