अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि ईरान के खिलाफ उसने अपने आज के हमले पूरे कर लिए हैं. जबकि ईरानी पलटवार के बाद बहरीन में सायरन बज उठे हैं.जो कल हुआ, आज भी ठीक वही हो रहा है- पहले अमेरिका की सेना ईरान पर हमला करती है, फिर जैसे ही खबर आती है कि ईरान ने जवाबी हमला किया है- अमेरिकी सेना की तरफ से कहा जाता है कि ईरान पर उसके एयरस्ट्राइक खत्म हो चुके हैं. यानी लगातार दूसरा दिन ठीक वही पैटर्न देखने को मिला. अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के हमले के बाद ईरानी ने पलटवार किया है. उसने बहरीन में अमेरिकी नेवी के पांचवें बेड़े को ड्रोन से निशाना बनाया है. साथ ही कुवैत में भी हमले का दावा किया गया. वहीं दूसरी तरफ अमेरिका का कहना है कि अभी के लिए ईरान पर उसके हमले खत्म हो गए हैं.
बहरीन में बज उठे सायरन
गुरुवार तड़के बहरीन में सायरन बज उठे. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर नए हमले करने का दावा करने के कुछ ही मिनटों बाद यह सायरन बजे हैं. बहरीन के गृह मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में कहा, “सायरन बज गया है… नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और सबसे पास के सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा जाता है.”
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने 18 “महत्वपूर्ण ठिकानों” पर जवाबी हमले करने का दावा किया है, जिनमें बहरीन में एक एयरबेस और कुवैत में दो एयरबेस शामिल हैं. हालां कि खबर लिखे जाने तक हाल के घंटों में कुवैत में किसी भी हवाई हमले के सायरन बजने की कोई खबर नहीं मिली है.
अमेरिकी सेना ने कहा- उनका हमला खत्म
US CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ अपने आज के हमले पूरे कर लिए हैं. CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, “CENTCOM की फोर्स ने पूरे ईरान में ईरानी सेना की निगरानी क्षमताओं, कम्युनिकेशन सिस्टम और एयर डिफेंस साइट्स पर हमले किए. अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, एयर फोर्स और नेवी ने उन ईरानी ठिकानों पर सटीक हमले किए जो US फोर्स और इलाके के पानी से गुजरने वाले इंटरनेशनल कमर्शियल जहाजों के लिए खतरा थे.”
बता दें कि अमेरिकी सेना ने अपने आज के हमलों को “ईरान की बिना वजह और लगातार आक्रामकता” का जवाब बताया है.