Asha Bhosle Death Funeral Live Updates: भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. आशा भोसले ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनका अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को होगा.नई दिल्ली:
Asha Bhosle Funeral, Last Rites LIVE Updates: भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. आशा भोसले ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की. आशा भोसले को छाती में संक्रमण और थकान के कारण शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया. वे भारतीय सिनेमा की सदाबहार आवाज रही हैं. लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा ने 20 भाषाओं में 12 हजार गीत गाए, जिनमें दम मारो दम, ये मेरा दिल, रमैया वस्तावैया जैसे हिट गाने शामिल हैं. उन्होंने पद्म विभूषण सहित अनेक सम्मान प्राप्त किए. परिवार ने बताया कि सोमवार (13 अप्रैल) सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके आवास ‘कासा ग्रांडे’ पर अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे. अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा. नेताओं, बॉलीवुड सितारों और संगीत प्रेमियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. देशभर में शोक की लहर है.
आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ. वे दीनानाथ मंगेशकर की बेटी थीं. छोटी उम्र से ही आशा और लता ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली. 1943 में उन्होंने मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ में पहला गीत गाया, जबकि 1948 में हिंदी फिल्म ‘चुनरिया’ के गीत ‘सावन आया’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. आशा भोसले ने 20 से ज्यादा भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए हैं. आशा भोसले के निधन और अंतिम संस्कार से जुड़े हर अपडेट के लिए बने रहिए एनडीटीवी हिंदी के साथ…