वो दिन… जब आशा भोसले के रेस्टोरेंट में पहुंच गए थे टॉम क्रूज, इस इंडियन डिश के हुए मुरीद, बार बार मंगवाया

म्यूजिक के अलावा आशा भोसले को स्वादिष्ट खाना बनाने का भी बेहद शौक था. यही वजह है कि उनके नाम से दुनियाभर में कई रेस्टोरेंट्स चलते हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके एक रेस्टोरेंट के खाने की तारीफ हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज भी कर चुके हैं.अपने सदाबहार नगमों से दशकों तक लोगों के दिलों पर राज करने वाली आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. 92 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली, लेकिन उनकी आवाज और उनके गीत उन्हें हमेशा अमर बनाए रखेंगे. म्यूजिक के अलावा आशा ताई को स्वादिष्ट खाना बनाने का भी बेहद शौक था. यही वजह है कि उनके नाम से दुनियाभर में कई रेस्टोरेंट्स चलते हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके एक रेस्टोरेंट के खाने की तारीफ हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज भी कर चुके हैं.

अचानक पहुंचे टॉम क्रूज

बर्मिंघम स्थित Asha’s’ रेस्टोरेंट के लिए 21 अगस्त 2021 का दिन उस समय यादगार बन गया, जब टॉम क्रूज अचानक वहां पहुंच गए. उस समय दुनिया कोविड-19 महामारी से धीरे-धीरे उबर रही थी और रेस्टोरेंट्स वापस पटरी पर लौट रहे थे. ऐसे माहौल में एक बड़े सुपरस्टार का अचानक पहुंचना स्टाफ के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं था. दरअसल, टॉम क्रूज उस समय अपनी फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल – डेड रेकनिंग पार्ट वन’ की शूटिंग के सिलसिले में बर्मिंघम में थे. उनके साथ फिल्म के डायरेक्टर क्रिस्टोफर मैकक्वॉरी भी मौजूद थे.

चिकन टिक्का मसाला के हुए दीवाने

रेस्टोरेंट में टॉम क्रूज ने चिकन टिक्का मसाला का ऑर्डर दिया और उसे इतना पसंद किया कि उन्होंने दूसरी बार भी वही डिश मंगवाई, लेकिन इस बार ज्यादा मसालेदार अंदाज में. इसके अलावा उन्होंने पालक पनीर का भी स्वाद लिया. उनकी इस पसंद ने रेस्टोरेंट स्टाफ को बेहद खुश कर दिया और उन्हें मजाकिया अंदाज में “टू टिक्का टॉम” नाम दिया गया.रेस्टोरेंट की मालिक आशा भोसले ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि टॉम क्रूज को ‘Asha’s’ का खाना पसंद आया. उस समय रेस्टोरेंट के बाहर खिंचवाई गई उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी.

दुबई से शुरू हुआ रेस्टोरेंट का सफर

‘Asha’s’ रेस्टोरेंट की शुरुआत दुबई में हुई थी, जब शेख मना-बिन-खलीफा अल मकतूम ने आशा भोसले के साथ मिलकर इसे शुरू किया. इस रेस्टोरेंट के शेफ को खुद आशा भोसले ने ट्रेनिंग दी थी, जिससे यहां का खाना खास बन गया. दरअसल, आशा भोसले का खाना बनाने का शौक बचपन से ही रहा है. अपने पिता दीनानाथ मंगेशकर के साथ यात्रा करते हुए उन्होंने अलग-अलग जगहों की डिशेज को जाना और सीखा. यही अनुभव आगे चलकर उनके रेस्टोरेंट के मेन्यू में भी झलकता है.

बॉलीवुड से जुड़ा खास रिश्ता

आशा भोसले के घर और रसोई का बॉलीवुड से भी गहरा रिश्ता रहा है. उनके पति आर.डी बर्मन को खाना बेहद पसंद था और उनके घर पर अक्सर फिल्मी सितारों की महफिल सजती थी. इन मेहमानों में अमिताभ बच्चन, राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे बड़े नाम शामिल थे.