16 साल से दर्शकों को डराने वाली हॉरर फिल्म के छटे पार्ट का ट्रेलर रिलीज, 82 की हीरोइन, 5 फिल्मों ने कमाए 7000 करोड़, 21 अगस्त को रिलीज

16 साल पहले यानी 2010 में एक हॉरर फ्रैंचाइजी की शुरुआत हुई और अब तक इसके पांच पार्ट आ चुके हैं और छठा पार्ट 21 अगस्त को आ रहा है. जिसमें 82 साल की एक्ट्रेस आत्माओं से टक्कर लेगी. इस सीरीज की 5 फिल्में 7000 करोड़ रुपये कमा चुकी है.

हॉलीवुड की फेमस हॉरर फ्रैंचाइजी ‘इंसिडियस’ की छठी किस्त अब सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. सोनी पिक्चर्स ने 5 अगस्त 2026 को फिल्म ‘इंसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ का आखिरी ट्रेलर भी रिलीज कर दिया. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे शैतान अंधेरी दुनिया से बाहर निकलकर वास्तविक दुनिया में कदम रख रहे हैं. फिल्म 21 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है.

ट्रेलर की शुरुआत डरावने माहौल के साथ होती है. अंधेरे कमरों, रहस्यमय आवाजों और भयभीत चेहरों के बीच लाल रंग के शब्दों में संदेश उभरता है. फिल्म ब्लमहाउस और एटॉमिक मॉन्स्टर की को-प्रोडक्शन है. इसमें जेम्मा की कहानी है, जिसे अभिनेत्री अमेलिया ईव ने निभाया है. जेम्मा अपनी बेटी के साथ उसी घर में रहती है जहां उसका बचपन बीता था. एक दिन उसे पता चलता है कि वह ‘द फर्दर’ नामक उस रहस्यमय लोक में जा सकती है, जो खोई हुई आत्माओं और शैतानों का घर है.

उसमें सिर्फ इतनी ही ताकत नहीं है. वह फर्दर से शैतानी को वापस वास्तविक दुनिया में भी ला सकती है. ट्रेलर में साफ दिखता है कि जब शैतान उसकी इस शक्ति को समझ जाते हैं, तो पूरी दुनिया उनके खेल का मैदान बन जाती है. घर के अंदर अजीब रोशनी, छायाएं, घबराई हुई महिलाएं और रात के सन्नाटे में अचानक होने वाले हमले हैरान कर देते हैं.

इस फिल्म में ‘इंसिडियस’ सीरीज की सबसे पॉपुलर कैरेक्टर एलिस रेनियर की भूमिका में फिर से लिन शे नजर आएंगी. एलिस पिछली फिल्मों में भी आत्माओं से लड़ने वाली विशेषज्ञ के रूप में दर्शकों के दिलों में बस चुकी हैं. साथ ही ब्रैंडन पेरिया, मेजी रिचर्डसन-सेलर्स, सैम स्प्रुएल, लौरा गॉर्डन और आइलैंड ऑस्टिन जैसी कलाकारों की टीम भी है. निर्देशन जैकब चेस ने किया है, उन्होंने पटकथा भी लिखी है. कहानी डेविड लेस्ली जॉनसन-मैकगोल्ड्रिक और जैकब चेस ने मिलकर तैयार की है. प्रोड्यूसर्स में जेसन ब्लम, ओरेन पेली, जेम्स वान और ली व्हैनल शामिल हैं.

‘इंसिडियस’ फ्रैंचाइजी अब तक दुनिया भर में 74 (7000 करोड़ रुपये) करोड़ डॉलर से ज्यादा कमाई कर चुकी है. पिछली पांच फिल्मों ने फैंस को डराते हुए बॉक्स ऑफिस पर सफलता दिलाई थी. इस नई किस्त में कहानी को नया मोड़ दिया गया है. अब सिर्फ घर में भूत-प्रेत नहीं, बल्कि फर्दर की ताकतें सीधे हमारे संसार में घुसपैठ करने वाली हैं. ‘इंसिडियस’ सीरीज की शुरुआत 2010 में हुई थी.

21 अगस्त नजदीक आ रहा है. अगर आप हॉरर फिल्मों के दीवाने हैं और रात में अकेले सोने की हिम्मत रखते हैं, तो ‘इंसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ आपके लिए इंतजार कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *