UP Panchayat Chunav 2026: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायतों में प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया है. जबकि अब जिला पंचायत चुनाव और क्षेत्र पंचायत चुनाव में भी टलने के आसार हैं.उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव को लेकर यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है. ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को छह महीने के लिए प्रशासक बनाने के बाद जिला पंचायतों में भी यही व्यवस्था लागू करने का फैसला किया गया है. जिला पंचायत अध्यक्षों को अंतरिम प्रावधानों के तहत संबंधित जिला पंचायतों का प्रशासक बनाया गया है. यह आदेश नई जिला पंचायत के गठन तक लागू रहेगा.ब्लॉक प्रमुख को भी ऐसे ही उनके ब्लॉक में जिम्मेदारी दिए जाने का संकेत है. सरकार ने ये कदम ऐसे वक्त उठाया है, जब ग्राम पंचायत चुनाव कराने में देरी और प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का फैसला हाईकोर्ट में चल रहा है.
जिला पंचायत चुनाव भी टले
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 75 जिला पंचायत अध्यक्ष हैं, जिनका 5 साल का टर्म आज 11 जुलाई को खत्म हो रहा है. ऐसे में जिला पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख प्रशासक के तौर पर संभालेंगे.पंचायती राज विभाग ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया था, जिस पर फैसला लिया गया है.
क्षेत्र पंचायत चुनाव भी टलेंगे?
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष की पहली बैठक 12 जुलाई 2021 के बाद 11 जुलाई 2026 तक पांच साल पूरे हो गए हैं.यूपी में ग्राम पंचायत प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म होने के बाद प्रधानों को प्रशासक बनाया गया था. अब जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत में ऐसी ही व्यवस्था होनी तय है. ब्लॉक प्रमुख का कार्यकाल 19 जुलाई को खत्म होना है. ऐसे में 18 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख पर भी आदेश आ सकता है.