मार्को रूबियो रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है. वहीं मंगलवार को दिल्ली में क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे. उनके आगरा और जयपुर जाने की भी संभावना है.अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों की गर्माहट को बता रहा है. कोलकाता में शानदार स्वागत के बाद दिल्ली पहुंचे मार्को रूबियो ने पीएम मोदी से मुलाकात की. करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद साफ हो गया कि दोनों देश अपने रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने को तैयार हैं.
क्वाड पर फिर अमेरिका का जोर
पीएम मोदी से मिलने के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री नई दिल्ली के अमेरिकी दूतावास पहुंचे. यहां मार्को रूबियो ने पत्रकारों के सामने दूतावास के कर्मचारियों से बात की. मार्को रूबियो ने साफ तौर पर कहा कि भारत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है.मार्को रुबियो ने कहा, “हमारे दोनों देशों के बीच संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारे दृष्टिकोण की आधारशिला हैं… विदेश मंत्री के रूप में मेरी पहली आधिकारिक बैठक क्वाड की बैठक थी… हम इसे यहां करना चाहते थे, ना केवल क्वाड के प्रति हमारी कमिटमेंट के कारण, बल्कि यह इस बात का एक ठोस संकेत भी है कि भारत संयुक्त राज्य अमेरिका में और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारे रुख और दृष्टिकोण में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. भारत और अमेरिका के बीच संबंध और मजबूत हो रहे हैं. हम जल्द नई घोषणाओं की उम्मीद कर सकते हैं.”
भारत से डिफेंस, ट्रेड और टेक पर बात
पीएम मोदी से मीटिंग के दौरान, अमेरिकी विदेश मंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया. एक्सपर्ट्स का मानना है कि शायद भारत-अमेरिका ट्रेड डील अपने फाइनल लेवल पर पहुंच गई है और इसीलिए पीएम मोदी को आमंत्रित किया गया है. प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे में इसकी घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि पीएम मोदी से मुलाकात में डिफेंस से लेकर टेक्नोलॉजी और ट्रेड पर मार्को रूबियो की बात हुई. पीएम मोदी ने भी रूबियो के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और बताया कि इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा पर चर्चा की. अमेरिका के शीर्ष राजनयिक रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बातचीत करेंगे और मंगलवार को दिल्ली में क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे. उनके आगरा और जयपुर जाने की भी संभावना है.