दिल्ली की गर्मी में परेशान हुए मार्को रुबियो! टाइम पूछकर बोले- अब तक मौसम ठंडा नहीं होना चाहिए था?

दिल्ली दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो गर्मी से परेशान दिखे और मजाक में बोले कि अब तक मौसम ठंडा नहीं होना चाहिए था. इस दौरान कार्यक्रम में लोग हंसने लगे. मिडिया को संबोधित करते हुए रुबियो ने भारत‑अमेरिका रिश्तों को मजबूत बताया.दिल्ली की भीषण गर्मी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भी चौंका दिया. अमेरिकी दूतावास सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में उन्होंने भाषण के दौरान मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपना संबोधन छोटा रखना चाहते हैं, क्योंकि गर्मी कुछ अलग ही लेवल की है.

रुबियो ने कहा, ‘मैं मायामी से हूं, वहां भी उमस भरी गर्मी होती है, लेकिन यह कुछ और ही है… अभी क्या समय हुआ है, क्या अब तक ठंडा नहीं होना चाहिए था?’ उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े और माहौल हल्का हो गया.

भारत‑अमेरिका रिश्तों को बताया बेहद अहम
अपने संबोधन में रुबियो ने भारत‑अमेरिका संबंधों को इंडो‑पैसिफिक रणनीति की नींव बताया. उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका की विदेश नीति में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और आने वाले महीनों में रिश्तों को और मजबूत करने के लिए नए ऐलान किए जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि विदेश मंत्री बनने के बाद उनकी पहली आधिकारिक बैठक ‘क्वाड’ देशों के साथ है, जो इस साझेदारी की अहमियत को दिखाता है.व्यापार और निवेश पर जोर
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में 20 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी को दर्शाता है. उन्होंने भविष्य में 500 अरब डॉलर तक द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य भी दोहराया.

नया वीज़ा शेड्यूल और सुरक्षा सहयोग
रुबियो ने ‘America First Visa Schedule’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ऐसे पेशेवरों को प्राथमिकता दी जाएगी जो दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को मजबूत करते हैं. साथ ही उन्होंने इंडो‑पैसिफिक में सैन्य अभ्यासों के जरिए सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की बात कही.

अमेरिकी दूतावास की नई बिल्डिंग का हुआ उद्घाटन
इस मौके पर रुबियो ने यूएस एंबेसी सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग का उद्घाटन भी किया. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह इमारत न सिर्फ वीजा सेवाओं को बेहतर बनाएगी, बल्कि भारत‑अमेरिका साझेदारी को और मजबूत करेगी.