हाल में सोशल मीडिया पर नसीरुद्दीन शाह का पुराना वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो में उन्होंने अनुपम खेर को जोकर कहा था. मामला अलग दिशा में जाते देख अनुपम खेर ने एक वीडियो शेयर कर बताया कि दोनों के बीच कैसा रिश्ता है.अनुपम खेर ने मंडे यानी कि 13 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. यह वीडियो नसीरुद्दीन शाह के छह साल पुराने उस क्लिप के दोबारा वायरल होने बाद आया जिसमें उन्होंने खेर को “जोकर” कहा था. खेर ने कहा कि जब ट्रोलर्स को उनके खिलाफ कोई ठोस बात नहीं मिली तो उन्होंने उनकी इमेज खराब करने के लिए वह पुराना क्लिप निकाला. खेर ने आगे कहा कि दोनों सीनियर एक्टर्स पुरानी बातें भुलाकर आगे बढ़ गए और एक-दूसरे को गले लगा चुके हैं.
अपने नए वीडियो में उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को मेरी बात पसंद नहीं आई क्योंकि यह उनके एजेंडे में फिट नहीं बैठती थी. वे एक नैरेटिव बनाना चाहते थे और मुझे टारगेट करने, ट्रोल करने और गाली देने के तरीके खोजने लगे. मुझ पर हमला करने के लिए एक पूरा इकोसिस्टम बन गया था. उन्होंने मेरे बारे में बहुत कुछ कहा, लेकिन मुझे इसमें और मजा आया क्योंकि उन्होंने इतनी मेहनत की. जब उनके पास कुछ और नहीं बचा तो उन्होंने नसीरुद्दीन शाह का छह साल पुराना वीडियो निकाला, इस उम्मीद में कि मेरी इमेज खराब हो जाएगी.”
ट्रोलर्स को जवाब देते हुए अनुपम खेर ने कहा कि वे और नसीरुद्दीन शाह एक-दूसरे को गले लगाकर पुरानी बातों को भुला कर आगे बढ़ गए हैं. जब वह वीडियो पहली बार सामने आया था, तब भी खेर ने जवाब दिया था.अनुपम खेर ने वीडियो में आगे कहा, “मैं यह खुलकर कहना चाहता हूं: मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, वह अपनी मेहनत से कमाया है. मैं अपनी वैल्यूज के साथ जमीन से उठकर यहां तक पहुंचा हूं. आप मुझे किस चीज से डराने की कोशिश कर रहे हैं? आप अपनी जिंदगी अपने अहंकार में फंसे हुए बिता चुके हैं. आपको मेरी परछाई से खतरा क्यों है? आप जो चाहें करते रहें. मैं सच के साथ खड़ा रहूंगा.”
अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह का पुराना झगड़ा
छह साल पुराने उस क्लिप में जो सोशल मीडिया पर एक बार फिर वायरल हुआ. उसमें नसीरुद्दीन शाह ने अनुपम खेर को “जोकर” कहा था. शाह ने तब कहा था, “अनुपम खेर जैसे लोग बहुत मुखर होते हैं. मुझे नहीं लगता कि उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत है. वह एक जोकर हैं. NSD और FTII में उनके साथ पढ़ने वाले कई लोग उनके चापलूस स्वभाव पर बोल चुके हैं. यह उनके खून में है. वह इसे बदल नहीं सकते.”
अनुपम खेर ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए जवाब दिया. उन्होंने कहा, “हालांकि मैंने आपके बारे में कभी कुछ बुरा नहीं कहा, लेकिन अब कहूंगा. इतना कुछ हासिल करने के बावजूद आपने अपनी पूरी जिंदगी निराशा में बिताई है. अगर आप दिलीप कुमार साहब, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, शाहरुख खान और विराट कोहली की आलोचना कर सकते हैं, तो मुझे यकीन है कि मैं बहुत अच्छी कंपनी में हूं.”
उन्होंने आगे कहा, “उनमें से किसी ने भी आपकी बातों को कभी गंभीरता से नहीं लिया. जैसा कि हम सभी जानते हैं, इतने सालों से आप जो चीजें ले रहे हैं, उनकी वजह से आपको सही और गलत के बीच का फर्क समझ नहीं आता.” वर्कफ्रंट पर बात करें तो अनुपम खेर आखिरी बार ‘मेट्रो… इन दिनों’ में नजर आए थे, जबकि नसीरुद्दीन शाह को इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ में अपनी परफॉर्मेंस के लिए काफी तारीफ मिली.