ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति की पत्नी को लेकर उड़ाया मजाक तो मैक्रों ने दिया तगड़ा जवाब

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने कई बार एक दूसरे पर तंज कसे हैं. मगर अब ट्रंप ने मैक्रों की पत्नी को लेकर मजाक उड़ा दिया. अब इस पर मैक्रों ने जवाब दिया है.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक निजी लंच के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का मजाक उड़ाया. उन्होंने नाटो सहयोगियों की इस बात के लिए आलोचना की कि वे ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल नहीं हुए. व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर कुछ समय के लिए अपलोड किए गए एक वीडियो में ट्रंप ने निजी लंच के दौरान कहा, “हमें उनकी जरूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी मैंने उनसे कहा.” वीडियो बाद में ब्लॉक कर दिया गया.

‘मुक्के के घाव से उबर रहे’
ट्रंप ने आगे कहा, “मैंने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को फोन किया, उनकी पत्नी उनके साथ बेहद बुरा बर्ताव करती हैं. वो अभी भी अपने जबड़े पर लगे जोरदार मुक्के के घाव से उबर रहे हैं.” ट्रंप मई 2025 के एक वीडियो का जिक्र कर रहे थे, जिसमें ब्रिगिट मैक्रों वियतनाम यात्रा के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति के चेहरे पर मुक्का मारती हुईं दिखाई दे रही थीं. बाद में मैक्रों ने इसे दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा बताकर खारिज कर दिया था.

‘डोनाल्ड. हम युद्ध जीतने के बाद…’
ट्रंप ने मैक्रों से अपनी फोन पर बातचीत का किस्सा बताया, हैलो, “इमैनुएल, खाड़ी युद्ध में हमें मदद की बहुत जरूरत है, भले ही हम दुश्मनों और मिसाइलों को नष्ट करने में रिकॉर्ड बना रहे हैं. हमें मदद चाहिए. अगर आप कर सकते हैं, तो कृपया तुरंत जहाज भेजें.” फिर उन्होंने फ्रांसीसी लहजे में मैक्रों के कथित जवाब की नकल की: “नहीं नहीं नहीं, हम ऐसा नहीं कर सकते, डोनाल्ड. हम युद्ध जीतने के बाद ऐसा कर सकते हैं.” ट्रंप ने आगे कहा, “मैंने कहा, ‘नहीं नहीं, मुझे युद्ध जीतने के बाद मदद की जरूरत नहीं है, इमैनुएल.”इमैनुएल मैक्रों का जवाब
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को कहा, ” ट्रंप की बातें न तो शालीन हैं और न ही मानकों के अनुरूप. इसलिए मैं इनका जवाब नहीं देने वाला. ये जवाब देने लायक नहीं हैं.” मैक्रॉन ने कहा कि मध्य पूर्व में तनाव कम करने और युद्धविराम की दिशा में काम करने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए. फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, “बहुत ज्यादा बातें हो रही हैं, और सब कुछ बेतरतीब है. हम सभी को स्थिरता, शांति और सुकून की वापसी चाहिए – यह कोई दिखावा नहीं है!”