इमरान खान को कुछ ही घंटे में हॉस्पिटल से वापस भेजा जेल, शहबाज सरकार का क्या है नया प्लान?

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया, वह भी आधी रात को.

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पहले रात के अंधेरे में जेल से निकालकर हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया और फिर चेकअप के बाद वापस जेल पहुंचा दिया गया. PTI के संस्थापक इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया था. जियो की रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल चेकअप के बाद डॉक्टरों ने पाया कि इमरान खान को वापस अदियाला जेल भेजा जा सकता है.

इससे पहले पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री इमरान को पत्रास बोखारी रोड से हॉस्पिटल लाया गया और उन्हें गेट नंबर 1 से अंदर ले जाया गया. इस दौरान पूरा इलाका छावनी में तब्दिल हो चुका था. पैरामिलिट्री फोर्स से लेकर पुलिस तक चप्पे-चप्पे पर फैले थे.

बता दें कि इमरान खान 5 अगस्त 2023 से जेल में हैं. उन्हें तोशाखाना से मिले गिफ्ट की जानकारी छिपाने से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में जेल भेजा गया था. वह 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं. इस मामले को अल-कादिर ट्रस्ट केस के नाम से भी जाना जाता है. इमरान रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं. जेल में रहने के दौरान उनकी सेहत लगातार खराब हुई है. इसे लेकर उनकी पार्टी के नेताओं और परिजनों ने चिंता जताई है. अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया है.

तैयारी पूरी थी

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार इमरान के हॉस्पिटल पहुंचने के बाद इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सैयद अली नासिर रिजवी ने हॉस्पिटल का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पुलिस प्रमुख गुरुवार रात भी हॉस्पिटल गए थे. उन्होंने इमरान के आने से पहले की जा रही तैयारियों का जायजा लिया था.

गुरुवार देर रात तक अस्पताल में इमरान के इलाज के लिए आने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. डॉन की रिपोर्ट के अनुसार मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि राजधानी प्रशासन, पुलिस, जेल अधिकारियों और रेंजर्स समेत संबंधित विभागों और अधिकारियों के प्रतिनिधि हॉस्पिटल में मौजूद थे. वे सुरक्षा और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे थे. इस्लामाबाद पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा आदेश के अनुसार, इलाके में अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के 800 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं.

इन जवानों को चार मुख्य जिम्मेदारियां दी गई थी. पहली, लोगों की जान, संपत्ति और सम्मान की सुरक्षा करना. दूसरी, आतंकी हमलों से सुरक्षा सुनिश्चित करना. तीसरी, कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) बनाए रखना. चौथी, यातायात को सुचारू रखना. आदेश में कहा गया कि राजधानी के मुख्य ट्रैफिक अधिकारी इलाके में पार्किंग और यातायात की व्यवस्था करेंगे. साथ ही, लावारिस गाड़ियों और मोटरसाइकिलों की जांच भी सुनिश्चित की जाएगी.

मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया था कि वह अगले दो दिनों के अंदर जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में शिफ्ट करे. साथ ही परिजनों से साप्ताहिक आधार पर मिलने की भी इजाजत दी गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *