‘इटैलियन खून है…क्या उम्मीद कर सकते हैं’, वंदे मातरम् को लेकर सोनिया गांधी पर HD कुमारस्वामी का तीखा हमला

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरू हुए वंदे मातरम् विवाद को लेकर अब केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी पर हमला किया है. उन्होंने कहा- लोग सच्चाई समझ चुके हैं.

केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने वंदे मातरम् विवाद को लेकर सोनिया गांधी पर तीखा हमला किया है. उन्होंने सोनिया गांधी को लेकर कहा कि उनकी रगों में ज्यादातर इटैलियन खून दौड़ता है. एचडी कुमारस्वामी ने कहा, “आप सोनिया गांधी से क्या उम्मीद कर सकते हैं, क्या वह हमारे देश की हैं? उन्होंने शादी की और यहां आईं, लेकिन उनका खून तो ज्यादातर इटैलियन ही है, है ना? इसलिए, उन्होंने ऐसा व्यवहार क्यों किया, इस पर सफाई देना बेकार है. लोग अब सच्चाई समझ चुके हैं.”

केंद्रीय मंत्री का यह बयान स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् गीत से जुड़ी एक घटना के बाद आया है.

कांग्रेस मुख्यालय में क्या हुआ था?

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया, जिसके बाद ‘वंदे मातरम्’ गीत बजाया गया. हालांकि, पार्टी का रुख यह था कि राष्ट्र गीत को सिर्फ शुरुआती दो छंदों तक ही बजाया जाए, लेकिन इस दौरान दो विशेष छंदों के आगे भी गाना बजता रहा.

इस दौरान यह कहा गया कि सोनिया गांधी ने सबसे पहले इस गौर किया कि  गीत का फुल वर्जन प्ले हो रहा है. उन्होंने कांग्रेस चीफ खरगे की तरफ इशारा किया. इसके बाद गीत रोकने के लिए कहा गया. इस दौरान, खरगे भी गीत पर प्रतिक्रिया देते नजर आए, जबकि पार्टी का एक पदाधिकारी दोनों नेताओं को स्थिति समझाता हुआ देखा गया. पास में ही खड़े राहुल गांधी यह सब देखते रहे.

कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस घटना ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया. बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाए जाने पर आपत्ति जताई थी.

वहीं, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के पूरे संस्करण को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी. पार्टी का कहना है कि सोनिया गांधी ने खरगे के लिए कुर्सी मांगी थी, जो कुछ देर से खड़े थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *