अमेरिका की 80% मिसाइलें खत्म? ट्रंप और रक्षा मंत्री में कलह की खबरों पर बवाल- मीडिया को धमकाया

डोनाल्ड ट्रंप मीडिया में चल रहीं हथियार की कमी वाली खबरों से परेशान हैं. उन्हें लगता है कि ऐसी खबरें ईरान के साथ समझौते की बातचीत में उनके हाथ को कमजोर करती हैं.

क्या ईरान जंग के बीच अमेरिका के हथियार खत्म हो गए हैं? क्या इस कमी के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के बीच तू-तू मैं-मैं होने लगी है? ठीक यही खबरें अंदरखाने से मिली जानकारियों के आधार पर अमेरिकी अखबार छाप रहे हैं और इसने ट्रंप की परेशनी बढ़ा दी है, ईरान से समझौते की कोशिश में उनके हाथ को कमजोर कर दिया है. ऐसे में ट्रंप ने उन खबरों पर नाराजगी जताई है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिका के पास जरूरी हथियार और गोला-बारूद कम पड़ रहे हैं. ट्रंप ने तो यह जानकारी लीक करने वाले अधिकारियों को लंबी जेल की सजा देने की धमकी भी दी.

अब दुनिया को समझाने में लगे ट्रंप- बहुत हथियार है

अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार को दावा किया कि अमेरिका के पास गोला-बारूद की बहुत बड़ी मात्रा है. उन्होंने कहा कि नए हथियार बनाए जा रहे हैं और उन्हें इस इलाके में भेजा जा रहा है. इसी दौरान उन्होंने मीडिया पर भी हमला बोला. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “रक्षा कंपनियां हमारे देश के इतिहास में सबसे ज्यादा फैक्ट्रियां और प्लांट बना रही हैं.” हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन-से हथियार बनाए जा रहे हैं और इसके समर्थन में कोई सबूत भी नहीं दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

ट्रंप का यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने पिछले शुक्रवार को कैंप डेविड में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से हथियारों की कथित कमी को लेकर जवाब मांगा था. वॉशिंगटन पोस्ट ने दो गुमनाम सूत्रों के हवाले से बताया कि ट्रंप ने पीट हेगसेथ से कहा था कि उन्हें लगा था कि यह समस्या पहले ही हल हो चुकी है, लेकिन उन्हें गलत जानकारी दी गई. रिपोर्ट के मुताबिक, पीट हेगसेथ ने अपना बचाव किया और इस मामले की जिम्मेदारी अपने डिप्टी स्टीफन फीनबर्ग पर डालने की कोशिश की.

यह खबर सामने आने के बाद ट्रंप नाराज हैं. गुरुवार को ट्रंप ने गुस्से में मीडिया पर देशद्रोही बातें फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लिखा कि इन देशद्रोही जानकारियों को लीक करने वालों की तलाश की जा रही है. उन्हें लंबी जेल की सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.

ट्रंप ने यह भी लिखा कि मैं पीट हेगसेथ के काम से बेहद खुश हूं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *