‘श्रीलंका सीरीज में पंत सबसे महत्वपूर्ण होंगे भारत के लिए’, पूर्व विकेटकीपर दासगुप्ता ने गिनाईं वजह

ऋषभ पंत पिछली कुछ सीरीजों में कुछ खास नहीं कर पाए हैं. देखने वाली बात होगी कि वह दासगुप्तान की बात पर कितना खरा उतरते हैं

पूर्व भारतीय विकेटकीपर दीप दासगुप्ता का मानना है कि श्रीलंका (SL vs IND) में आगामी दो मैचों की श्रृंखला के दौरान ऋषभ  पंत सबसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज होंगे. जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र मैच से पहले 28 वर्षीय ऋषभ पंत से उप-कप्तान की भूमिका वापस ले ली गई थी, जिसके बाद हाल के महीनों में टेस्ट प्रारूप में उनके कद को झटका लगा है. पिछले साल नवंबर में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महत्वपूर्ण दूसरे टेस्ट में जब पंत ने कप्तानी संभाली थी, तब उनकी बल्लेबाजी जांच के दायरे में आ गई थी, जहा भारत को 408 रनों से अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था.

हालांकि पिछले दो घरेलू सत्रों में स्पिन के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियां उजागर हुई हैं, लेकिन पूर्व भारतीय विकेटकीपर दीप दासगुप्ता का मानना है कि श्रीलंका में आगामी दो मैचों की श्रृंखला के दौरान पंत सबसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज होंगे.

दासगुप्ता ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, ‘इस श्रृंखला में वह भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. ऋषभ एक पूर्ण क्रिकेट गीक (क्रिकेट के प्रति जुनूनी) हैं जो 24 घंटे क्रिकेट पर बात कर सकते हैं. मैंने जब भी उनसे बात की है, वह हमेशा क्रिकेट के बारे में ही रही है. हालांकि बाहर से वह शायद अलग दिखते हैं, लेकिन वह पूरी तरह से एक क्रिकेट प्रेमी इंसान हैं। वह भारत के मैच-विनर हैं, और भारतीय बल्लेबाजों के लिए बहुत अधिक रक्षात्मक न होना और विपक्षी गेंदबाजों पर हमला बोलना महत्वपूर्ण होगा.’

बता दें कि पंत इस टीम में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले सक्रिय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 50 मैचों में 97 छक्के लगाए है.  दिल्ली के इस विकेटकीपर ने 43.37 की औसत से 3557 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं.दासगुप्ता ने आगे कहा कि श्रीलंका के स्पिन आक्रमण में दो बाएं हाथ के स्पिनरों का होना इस श्रृंखला के दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत के पक्ष में काम करेगा. उन्होंने कहा, ‘वेललागे और जयसूर्या दोनों बाएं हाथ के स्पिनर हैं, जो बल्लेबाज के रूप में पंत को भारत के लिए और भी महत्वपूर्ण बनाता है. ऋषभ जब क्रीज पर आते हैं तो उनका एक अलग ही दबदबा होता है. इसके अलावा, जब सामने बाएं हाथ का स्पिनर गेंदबाजी कर रहा हो तो यह और बढ़ जाता है.  इस श्रृंखला में भारत के लिए पंत की मौजूदगी बहुत महत्वपूर्ण होगी.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *