‘अलायंस’ में सलमान खान ने सोहले का सपोर्ट किया, साथ ही अपने जिंदगी के बारे में कई खुलासे किए हैं. उन्होंने अपने जेल के दिनों को याद किया. सलमान ने बताया कि जेल में हालत कितने खराब थे.
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हाल में प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आए. वह शो के अंदर कंटेस्टेंट बनकर गए भाई सोहेल खान का सपोर्ट करने के लिए पहुंचे थे. शो में सलमान खान की एंट्री देख अन्य कंटेस्टेंट्स हैरान रह गए. वहीं ‘अलायंस’ में सलमान खान ने सोहले का सपोर्ट किया, साथ ही अपने जिंदगी के बारे में कई खुलासे किए हैं. उन्होंने अपने जेल के दिनों को याद किया. सलमान ने बताया कि जेल में हालत कितने खराब थे.
जेल पर क्या बोले सलमान खान
सलमान ने कहा, ‘बहुत साल पहले जब जेल गया था तो सामने सलाखें थीं. इतने छोटे से इलाके में 50-60-70 लोग रहते थे. एक ही बाथरूम था, जो इंडियन स्टाइल का कमोड था. हर जगह छिपकली होती थी और ऊपर तक भरा रहता था.’ उनकी बातें सुनकर घर के सदस्य और सोहेल भावुक हो गए. सब चुपचाप सुनते रहे.
क्या था मामला
आपको बता दें कि सलमान खान 1998 के ब्लैकबक और चिंकारा शिकार केस में जेल और पुलिस कस्टडी में रह चुके हैं. कुल मिलाकर उनकी कैद करीब 18 दिन की बताई जाती है. पहले भी उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि जेल में सबसे ज्यादा टेंशन बाथरूम को लेकर होती थी. बाकी वह शांत रहते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया.
अलायंस के बारे में
बात करें शो ‘अलायंस’ की तो इस शो को कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं. इसमें फिल्म, टीवी, डिजिटल और खेल की हस्तियां चुनौतियों में हिस्सा लेती हैं और गठबंधन बनाकर आगे बढ़ती हैं. सलमान के आने से सोहेल काफी भावुक हो गए और दोनों ने गले मिलकर मुलाकात की. यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है.