नई दिल्ली:
Paper Leak CJP Protest Live Updates: NEET पेपर लीक के खिलाफ जारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन अब पूरे देश में फैलता नजर आ रहा है. बीते 48 घंटों में इस प्रदर्शन को लेकर सरकार के रुख में बड़ा बदलाव आया है. लगातार कई एक्शन हुए हैं. शिक्षा सचिव को हटाया गया है, NTA के 47 कर्मी बर्खास्त किए गए हैं, पेपर लीक केस की जांच के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की बात आगे बढ़ी है. सरकार से मिले आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है. हालांकि कॉकरोच जनता पार्टी और जंतर-मंतर पर जुटे अन्य प्रदर्शनकारी अब भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े हैं. इस बीच सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर भी जारी है. आज तीसरे दौर की बातचीत होगी.
दूसरी ओर छात्र संगठन AISA ने आज बिहार बंद बुलाया है. बीती रात बिहार में माले के एक विधायक संदीप सौरभ को गिरफ्तार किया गया है. उन पर प्रदर्शन की आड़ में हिंसा फैलाने का आरोप है. इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉफ्रेंस में पैलेट गन से घायल हुए प्रदर्शनकारी को दिखाया.