इस हार के साथ ही पुर्तगाल के दिग्गज कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया.Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: अमेरिका के डलास स्टेडियम में पुर्तगाल के 41 साल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने छठे वर्ल्ड कप का आख़िरी मैच खेला और अपने अधूरे सपने के साथ आंखों में आंसू लिये हुए बाहर आए. अपने आख़िरी वर्ल्ड कप में भी वो अपना वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा नहीं कर सके. पूर्व वर्ल्ड चैंपियन स्पेन की पुर्तगाल के ख़िलाफ़ 1-0 से जीत ने पुर्तगाल और CR-7 रोनाल्डो का वर्ल्ड कप में खेल ख़त्म कर दिया.
‘ठंडे दिमाग से फ़ैसला लूंगा’
वैसे 41 साल के रोनाल्डो ने अभी अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को अलविदा नहीं कहा है. यकीनन ये रोनाल्डो का छठा और आख़िरी वर्ल्ड कप रहा. लेकिन उनके अंतर्राष्ट्रीय करियर को लेकर उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार से मिलूंगा और ठंडे दिमाग से फ़ैसला लूंगा.
रोनाल्डो की आंसुओं से तर ये तस्वीरें दुनिया भर के उनके फ़ैंस के ज़ेहन में हमेशा के लिए कैद रहेंगी. दुनिया के इस सबसे लोकप्रिय, सोशल मीडिया पर 100 करोड़ से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स भी अपने हीरो रोनाल्डो के वर्ल्ड कप नहीं जीत पाने की टीस नहीं भुला पाएंगे. फिर भी याद करने और उनके फ़ैन्स को गुदगुदाने के लिए रोनाल्डो की कामयाबियों की फ़ेहरिस्त बेहद लंबी है.रोनाल्डो के बेमिसाल रिकॉर्ड
रोनाल्डो दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने सभी 6 वर्ल्ड कप में गोल किये. उनके नाम अपने देश के लिए सबसे ज़्यादा 233 मैच खेलने और उनमें सबसे ज़्यादा 146 गोल करने के रिकॉर्ड हैं. वर्ल्ड में सबसे ज़्यादा गोल करने के मामले में वो महान पेले से ठीक नीचे 9वें नंबर पर हैं.
रोनाल्डो के रिकॉर्ड
सभी 6 वर्ल्ड कप में गोल
सबसे ज़्यादा 233 अंतर्राष्ट्रीय मैच
अंतर्राष्ट्रीय मैचों में सबसे ज़्यादा 146 गोल
वर्ल्ड कप में 11 गोल
पांच बार बैलन डिओर या फ़ुटबॉल के बेहतरीन खिलाड़ी का ख़िताब जीतनेवाले रोनाल्डो ने मौजूदा वर्ल्ड कप में 3 गोल किये लेकिन अपने खेले गए 6 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सिर्फ़ 1 गोल ही अपने नाम दर्ज कर सके.
रोनाल्डो फिर भी हैं GOAT?
रोनाल्डो का एक ख़्वाब बेशक अधूरा रह गया. मगर 41 की उम्र में मेडिकल साइंस को मात देते हुए 23 साल अंतर्राष्ट्रीय फ़ुटबॉल खेलते हुए CR-7 को दुनिया के हर 8 में से 1 शख़्स ने अपना निजी ख़्वाब बनाकर देखा. और, फ़ुटबॉल 100 करोड़ से ज़्यादा फ़ैन्स अपने इस GOAT- ग्रेटेस्ट ऑफ़ ऑल टाइम- की कामयाबियों को उनके अधूरे ख़्वाब को भी हमेशा के लिए संजो कर रखेंगे.