डोनाल्ड ट्रंप के नए बॉलरूम और व्हाइट हाउस सुरक्षा प्लान पर फिरा पानी, किसने रिजेक्ट करवाया?

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भव्य बॉलरूम और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए संसद से 8300 करोड़ रुपये का बजट मांगा था. इसे अब खारिज कर दिया गया है.राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए और भव्य बॉलरूम (Trump Ballroom Renovation) की सुरक्षा के साथ-साथ व्हाइट हाउस परिसर को अभेद्य किला बनाने के रिपब्लिकन पार्टी के मंसूबों पर पानी फिर गया है. सीनेट पार्लियामेंटेरियन (संसदीय नियम विशेषज्ञ) ने 1 अरब डॉलर (करीब 8300 करोड़ रुपये) के सुरक्षा बजट प्रस्ताव को नियमों का हवाला देकर खारिज कर दिया है. इसे विपक्षी डेमोक्रेट्स की एक बड़ी रणनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने इस भारी-भरकम खर्च को लेकर ट्रंप सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था.

दरअसल, रिपब्लिकन पार्टी इस भारी-भरकम फंड को अगले तीन सालों के लिए अप्रवासन प्रवर्तन (इमिग्रेशन एनफोर्समेंट) एजेंसियों से जुड़े एक छोटे और विशेष बजट बिल के साथ पास कराने की फिराक में थी.

इस विशेष बिल की खासियत यह थी कि इसे पास कराने के लिए सिर्फ मामूली बहुमत (सिंपल मेजॉरिटी) की जरूरत थी, जिसमें विपक्षी डेमोक्रेट्स के वोट के बिना भी काम चल जाता. लेकिन सीनेट पार्लियामेंटेरियन ने साफ कर दिया कि राष्ट्रपति के ईस्ट विंग का यह रेनोवेशन प्रोजेक्ट बहुत बड़ा और पेचीदा है, इसलिए इसे नियमों के खिलाफ जाकर इस छोटे बिल में जबरदस्ती नहीं जोड़ा जा सकता.
क्या होना था इस बजट से और क्यों मंचा है घमासान?
अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता, तो सीक्रेट सर्विस को मिलने वाले इस 1 अरब डॉलर के फंड से डोनाल्ड ट्रंप के नए बॉलरूम की सुरक्षा को चाक-चौबंद किया जाना था.

इसके अलावा व्हाइट हाउस में आने-जाने वालों की चेकिंग के लिए एक नया अत्याधुनिक स्क्रीनिंग सेंटर बनाना, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों को खास ट्रेनिंग देना और बड़े आयोजनों के लिए सुरक्षा को और ज्यादा मजबूत करना इस योजना में शामिल था. रिपब्लिकन पार्टी इस फंड को लेकर काफी गंभीर थी, क्योंकि पिछले महीने ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान ट्रंप पर हमले की एक नाकाम कोशिश हुई थी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने इस अतिरिक्त बजट की मांग की थी.
समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस के अनुसार, इस फैसले के बाद विपक्ष के नेता और सीनेट माइनॉरिटी लीडर चक शूमर ने अपनी पीठ थपथपाते हुए कहा कि रिपब्लिकन आम टैक्सपेयर्स के पैसे से ट्रंप के अरबों रुपये के बॉलरूम का खर्च उठाना चाहते थे. उन्होंने कहा, “सीनेट डेमोक्रेट्स ने इसका कड़ा मुकाबला किया और उनकी पहली कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया.”