‘कोई मुझे युद्ध जीतने से रोक नहीं सकता’, गोलीबारी के बाद ट्रंप ने ईरान युद्ध के बारे में क्या कहा?

ट्रंप ने कहा, “यह हमला मुझे ईरान में युद्ध जीतने से नहीं रोकने वाला है. हालांकि मुझे नहीं लगता कि इस गोलीबारी का उस संघर्ष से कोई सीधा संबंध है, जो कुछ भी अब तक हमें पता चला है उसके आधार पर मैं यही कह सकता हूं.”व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए इस हमले के बाद ट्रंप ने साफ कर दिया है कि वह पीछे हटने वाले नहीं हैं. हमले के तुरंत बाद व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने दोटूक शब्दों में कहा कि यह घटना उन्हें ईरान के खिलाफ जारी युद्ध से डिगा नहीं पाएगी. उन्होंने साफ किया कि अमेरिका का लक्ष्य जीत हासिल करना है और इस तरह की घटनाएं उनके इरादों को कमजोर नहीं कर सकतीं.

‘मुझे कोई नहीं रोक सकता’
राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्रीफिंग के दौरान कहा, “यह हमला मुझे ईरान में युद्ध जीतने से नहीं रोकने वाला है. हालांकि मुझे नहीं लगता कि इस गोलीबारी का उस संघर्ष से कोई सीधा संबंध है, जो कुछ भी अब तक हमें पता चला है उसके आधार पर मैं यही कह सकता हूं.”
हालांकि, ट्रंप ने जांच की गुंजाइश को पूरी तरह खारिज भी नहीं किया. उन्होंने थोड़ा संशय बरकरार रखते हुए कहा, कुछ कह नहीं सकते कि क्या इसके पीछे ईरान युद्ध से जुड़े तार हो सकते हैं. फिलहाल हमलावर की पहचान और उसके मकसद को लेकर जांच एजेंसियां बारीकी से काम कर रही हैं. राष्ट्रपति ने हमलावर को एक ‘लोन वुल्फ’ (अकेला हमलावर) बताया.

ईरान के साथ अचानक वार्ता रद्द
इस हमले से ठीक पहले ट्रंप ने बड़ा फैसला लिया था. उन्होंने ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए अपने दूतों की पाकिस्तान यात्रा को रद्द कर दिया. लगभग दो महीनों से चल रहे युद्ध के बाद तेहरान (ईरान) के बातचीत के रवैये से ट्रंप काफी नाखुश दिखे. उनका मानना है कि ईरान बातचीत की मेज पर सही रुख नहीं अपना रहा है.