पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान की बैठक से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप के इस मैसेज ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है कि क्या आगे युद्ध और खतरनाक होने वाला है या अमेरिका कोई नया मोर्चा खोलने वाला है.अमेरिका के राष्ट्रपति हमेशा चौंकाते हैं. अब कुछ देर पहले उनके एक ट्वीट ने दुनिया की धड़कनें बढ़ा दी हैं. एक तरफ दुनिया पाकिस्तान में अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते का इंतजार कर रही है और वहीं दूसरी तरफ ट्रंप ऐसा मैसेज भेज रहे हैं. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रूथ पर सिर्फ एक लाइन लिखा, ‘वर्ल्ड्स मोस्ट पावरफुट रीसेट’ अगर इसका अनुवाद करें तो मतलब निकलता है कि ‘दुनिया का सबसे शक्तिशाली बदलाव.’ तो क्या ट्रंप कुछ बहुत ज्यादा बड़ा करने जा रहे हैं?
ट्रंप का ये ट्वीट आज अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में ईरान से स्थायी वार्ता के लिए निकलने के थोड़ी देर बाद आया है. अमेरिका से निकलते हुए वेंस ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा, “ईरान अमेरिका के साथ “खेले” नहीं. जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, अगर ईरानी सद्भावना के साथ बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम भी निश्चित रूप से दोस्ती का हाथ बढ़ाने को तैयार हैं. लेकिन अगर वह हमारे साथ ‘खेल’ करने की कोशिश करेगा, तो हमारी टीम बिल्कुल भी नरम रवैया नहीं अपनाएगी.”
क्या करने वाला है अमेरिका
इससे पहले खबर आई की शुक्रवार को यह अमेरिकी विमान नूर खान बेस पहुंचा है. शुक्रवार को पाकिस्तान में नूर खान बेस की ओर US Air Force का एक ट्रांसपोर्ट विमान देखा गया. इस विमान के पिछले हिस्से पर “Charleston” लिखा हुआ था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अमेरिका वार्ता में अपनी शर्तें थोपने के इरादे से जा रहा है और ईरान के इनकार पर किसी बड़ी कार्रवाही की तैयारी में है? या फिर ट्रंप कोई और मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं? सवाल अनसुलझे इसलिए हैं कि ट्रंप ने इशारा तक नहीं किया है वो सबसे शक्तिशाली बदलाव वाली बात किस संदर्भ में कर रहे हैं. क्या वो ईरान के बारे में बात कर रहे हैं या रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में या फिर कुछ और?