US-Israel and Iran War Live Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग को एक महीना हो गया है. जंग अभी थमती नजर नहीं आ रही है. इस बीच अमेरिका ने ईरान में ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी है. पढ़ें इस जंग के पल-पल के अपडेट्स.US-Israel and Iran War Live Updates: ईरान में जारी जंग को एक महीना हो गया है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया था. इसके बाद से सिर्फ ईरान ही नहीं, बल्कि पूरे मिडिल ईस्ट में संकट खड़ा हो गया है. ये जंग अब और खतरनाक होती जा रही है. ईरान में अमेरिका ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है. वहीं, ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों की भी इस जंग में एंट्री हो गई है. हूतियों ने इजरायली ठिकानों पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है.
महीनेभर की जंग में क्या-क्या हुआ?
28 फरवरी को शुरुआत: अमेरिका और इजरायल ने मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया. इन हमलों में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई. खामेनेई के अलावा इस जंग में ईरान के 40 से ज्यादा टॉप लीडर और कमांडर मारे जा चुके हैं.
ईरान का पलटवार: खामेनेई की मौत का बदला लेते हुए ईरान ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कुवैत और कतर समेत कई खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला कर दिया. मिडिल ईस्ट में ईरानी हमलों में अब तक 20 लोगों के मारे जाने की खबर है.
होर्मुज स्ट्रेट बंद: ईरान जंग शुरू होने के बाद से ही होर्मुज स्ट्रेट लगभग बंद है. यहां से दुनिया का 20% कच्चा तेल सप्लाई होता है. हालांकि, ईरान का कहना है कि भारत समेत मित्र देशों के जहाज यहां से गुजर सकते हैं. पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके 20 जहाजों को यहां से गुजरने की इजाजत मिल गई है.
हूती विद्रोहियों की एंट्री: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों की इस जंग में एंट्री हो गई है. हूती विद्रोहियों ने इजरायली सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है. हूती विद्रोहियों के इस जंग में आने से होर्मुज स्ट्रेट के बाद अब बाब अल-मंडेब स्ट्रेट पर भी खतरा मंडरा गया है.
ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी: अमेरिका की 3,500 मरीन मिडिल ईस्ट पहुंच गए हैं. यहां पहले से ही 50 हजार अमेरिकी सैनिक मौजूद हैं. 20 सालों में पहली बार मिडिल ईस्ट में अमेरिका की इतनी बड़ी सैन्य तैनाती है. इसी बीच अमेरिका अब ईरान में ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है.