Middle East War LIVE: ईरान के हमलों से कतर की LNG क्षमता प्रभावित, गैस कीमतें 3 साल के उच्च स्तर के करीब

ईरान‑इजरायल‑अमेरिका संघर्ष के 21वें दिन तनाव चरम पर है. गुरुवार रात ईरान ने 66वीं मिसाइल वेव दागी है. जबकि नेतन्याहू ने LIVE आकर नागरिकों को भरोसा और राहत उपायों का आश्वासन दिया है.ईरान‑इजरायल और अमेरिका के बीच चला आ रहा युद्ध आज 21वें दिन में प्रवेश कर गया है. हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और ईरान अपने शीर्ष नेतृत्व के एक के बाद एक मारे जाने से अंदरूनी झटकों से भी जूझ रहा है. लेकिन फिर भी ईरान मजबूती से लड़ रहा है.

अब तक ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई, नेशनल डिफेंस काउंसिल प्रमुख अली शामखानी, IRGC कमांडर‑इन‑चीफ मोहम्मद पाकपोर, नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल प्रमुख अली लारिजानी, और बसिज पैरामिलिट्री फोर्स कमांडर घोलामरेजा सोलैमानी मारे जा चुके हैं. लगातार हो रहे नुकसान ने तेहरान की आक्रामक रणनीति को और आक्रामक बना दिया है.

ईरान ने फिर दागीं मिसाइलें
इस बीच ईरान ने गुरुवार देर रात ऑपरेशन True Promise 4 के तहत 66वीं वेव शुरू की है. प्रेस टीवी के मुताबिक, इस हमले में ईरान ने 5 सुपर‑हेवी और मल्टी‑वारहेड मिसाइलें दागी हैं.

नेतन्याहू बोले- अभी मैं जिंदा हूं
युद्ध की इस आंच के बीच गुरुवार रात इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू लाइव आए. इस दौरान उन्होंने तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि अभी मैं जिंदा हूं और आप सब इसके गवाह हैं. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ईरान के पास न तो यूरेनियम संवर्धन की क्षमता बची है और न ही बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने की. नेतन्याहू ने नागरिकों के धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि सरकार हालात सामान्य करने, स्कूल खोलने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि व्यवसायों, कर्मचारियों और आरक्षित सैनिकों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश कर रही है.