US-इजरायल के हमले में ईरान में मरने वालों की संख्या 555 के पार, दोनों ओर से दागी जा रही मिसाइलें

तेहरान:
इजरायल-अमेरिका के हमलों में ईरान में मरने वालों की संख्‍या 555 के पार पहुंच गई है. हमले अभी दोनों ओर से जारी हैं. ईरान का कहना है कि वो रुकने वाला नहीं है. वहीं इजरायली सेना का कहना है कि अगर ईरान नहीं रुका, तो वह बड़े हमलों को अंजाम देने के लिए मजबूर हो जाएगा. यूएस-इजरायल द्वारा किये गए हमलों में आज ईरान के कोनार्क नेवल बेस पर तीन जहाज डूब गए. साथ ही ईरान के नेवी चीफ शाहराम ईरानी की मौत हो गई है.

‘कई’ यूएस वॉरप्लेन क्रैश
एपी की खबर के मुताबिक, ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी का कहना है कि अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों में ईरान में अब तक 555 लोग मारे जा चुके हैं. उधर, कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश में ‘कई’ यूएस वॉरप्लेन क्रैश हुए हैं, लेकिन सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. रक्षा मंत्रालय की ओर से बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई है. मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह कई अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हुए, लेकिन क्रू पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू प्रोसेस शुरू किया. क्रू को बाहर निकाला गया और जरूरी मेडिकल केयर देने के लिए अस्पताल में ट्रांसफर किया गया. सबकी हालत स्थिर बनी हुई है.

ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट जारी
कुवैत के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी सेनाओं के साथ मिल-जुलकर टेक्निकल उपाय किए गए थे. उन्होंने पुष्टि की कि संबंधित अधिकारी घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं. अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बीच, साइबर सिक्योरिटी वॉचडॉग नेटब्लॉक्स ने दावा किया है कि ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट अब 48 घंटे से ज्यादा समय से जारी है. इससे पहले, ईरान ने सोमवार को दावा किया कि कुवैत में एक अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक विमान को गिरते हुए और हवा में ही पायलट को इजेक्ट करते देखा जा सकता है.वीडियो में आसमान से एक पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है. कुछ अन्य वीडियो जो स्थानीय मीडिया ने दिखाए हैं, उनमें विमान से बाहर निकलने के बाद पायलट जमीन पर दिखाई दे रहा है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान उस समय चल रहे सैन्य संघर्ष से जुड़ी किसी कार्रवाई में शामिल था या नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था. ईरान की तस्त्रीम न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *