राजपाल यादव के लिए खुली तिजोरियां, बॉलीवुड से पंजाबी सिनेमा तक मदद के लिए आगे आ रहे सितारे

राजपाल यादव के तिहाड़ जेल जाने से पहले उस इमोशनल बयान ने कई लोगों का दिल पिघला दिया. सोनू सूद के बाद अब कई सेलेब्स उनकी मदद को आगे आए हैं.
बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की मदद के लिए एक के बाद एक दरवाजे खुलते जा रहे हैं. सबसे पहले सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए थे. इसके बाद अनीस बज्मी, केआरके, गुरमीत चौधरी समेत तमाम सितारे राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए और अब इस कड़ी में एक नया नाम जुड़ा है. पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा ने सीनियर एक्टर राजपाल यादव की मदद के लिए गुहार लगाई है. गुरु ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, चलिए सब मिलकर सीनियर एक्टर राजपाल यादव की मदद करें. अपने आने वाले वीडियो में उन्हें काम दूंगा और इसका एडवांस पहले ही उन्हें ट्रांसफर कर दूंगा. सोनू सूद पाजी जो आपने शुरू किया बस उसे ही फॉलो कर रहा हूं. चलिए सब उनकी मदद करें और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाएं.

बता दें कि सबसे पहले सोनू सूद ने राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ बढ़ाए थे. सोनू सूद ने लिखा, ‘राजपाल यादव हमारी इंडस्ट्री के एक गिफ्टेड एक्टर हैं जिन्होंने सालों तक शानदार काम किया है. कभी-कभी जिंदगी अन्याय करती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि टाइमिंग की वजह से. वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मुझे लगता है कि यह वह पल है जब हम सभी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, कोस्टार एक साथ खड़े हों. एक छोटी सी साइनिंग अमाउंट, जो आगे के काम के बदले एडजस्ट होगी. यह चैरिटी नहीं बल्कि सम्मान है. जब हमारा कोई साथी मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है. इसी तरह हम दिखाते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं.’

यह मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिससे आर्थिक तंगी आ गया और कर्ज चुकाने में दिक्कत हुई. इसके चलते दिए गए कई चेक बाउंस हो गए. इसके बाद कंपनी ने कानूनी कार्रवाई की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *