मुंबई :
पुलिस ने बीती रात एक अपार्टमेंट में आयोजित पार्टी के दौरान छापा मारकर मादक पदार्थ, हुक्का और शराब जब्त की है. साथ ही सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति प्रांजल खेवलकर भी शामिल हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता एकनाथ खडसे ने कहा कि इस बात का पता लगाया जाना चाहिए कि कहीं पुलिस कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य तो नहीं है. रोहिणी खडसे पार्टी की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष हैं.
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा ने ‘रेव’ पार्टी के बारे में मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर पुणे के खराडी इलाके में स्थित एक स्टूडियो अपार्टमेंट पर छापा मारा. उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान गांजा, शराब और हुक्का जैसे नशीले पदार्थ जब्त किए गए.
होटल में प्रांजल के नाम पर बुक थे कमरे
पुणे पुलिस के सूत्रों के अनुसार, स्टे बर्ड होटल के कमरा नंबर 101 और 102 में रेव पार्टी चल रही थी. यह बिल एनसीपी (एसपी) नेता एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल के नाम पर था. पार्टी दो दिनों के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन 26 जुलाई को इसका भंडाफोड़ हो गया. प्रांजल ने कमरों के लिए क्रमशः 2,800 रुपये और 10,357 रुपये का भुगतान किया था.
पुलिस ने सुबह 3.20 पर की छापेमारी
पुलिस उपायुक्त अपराध निखिल पिंगले ने कहा कि पुणे के खराड़ी इलाके में चल रही ड्रग्स पार्टी से 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि आज सुबह तड़के करीब 3:20 बजे स्टेबर्ड अज्योर सुइट नामक ठिकाने पर अपराध शाखा ने छापेमारी की. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से कोकीन जैसे दिखने वाले पदार्थ बरामद किए गए हैं.