पुलिस की कमजोरी… बिहार में बेकाबू अपराध पर डिप्टी CM सहित NDA नेताओं का जिम्मेदारी से किनारा, सीएम भी साइलेंट

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. विजय सिन्हा ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की कमजोरी से अपराधियों के मनोबल बढ़ा है.

बिहार में बीते 7 दिन में 17 लोगों की हत्या हो चुकी है. जिसमें पटना में मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका के साथ-साथ सीवान में तीन लोगों की हत्या, पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या भी शामिल है. चुनाव से पहले राज्य में बढ़ रहे अपराध को लेकर सियासत तेज है. विपक्षी दलें कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार और प्रशासन को घेर रही है. लेकिन बात अब केवल विपक्षी दलों तक ही सीमित नहीं है. सत्तारुढ़ एनडीए गठबंधन में शामिल दलों के नेता भी सवाल खड़े कर रहे हैं. शनिवार को हद तो तब हो गई जब राज्य के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लॉ एंड ऑर्डर पर पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए.

डिप्टी सीएम ने पुलिस पर उठाए सवाल

राज्य के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. विजय सिन्हा ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की कमजोरी से अपराधियों के मनोबल बढ़ा है. उन्होंने बालू माफिया, जमीन माफिया और दारू माफिया के गठजोड़ का भी जिक्र किया.

लॉ एंड ऑर्डर पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने क्या कहा?

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, “लॉ एंड ऑर्डर पर घटना के बाद त्वरित कार्रवाई हो रही है. मैं बार-बार प्रश्न उठा रहा हूं कि इस घटना में जो जमीन माफिया का हो, बालू माफिया पर भी, जिसकी हत्या हुई है, उसके बारे में भी लोग जानते है कि किस तरह से बालू के कारोबार में नेटवर्किंग और माफियागिरी करता था. वो कारोबारी नहीं थे. कई लोग पार्टनरशिप में थे. लोग कहते हैं कि लड़ाई के कारण यह घटना घटित हुआ. लेकिन जो भी घटना हुई वो दुखद है.”

विजय सिन्हा ने आगे कहा कि ये जमीन माफिया और दारू माफिया का गठजोड़ कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन के कमजोर कड़ी के कारण उनका मनोबल बढ़ा है. और सरकार सजगता के साथ पूरी एक्शन ले रही है.