Ajit Agarkar react on Mohammed Shami: तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया है.
Ajit Agarkar on Mohammed Shami: NDTV वर्ल्ड समिट 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता अजीत अगरकर ने मोहम्मद शमी को जवाब दिया है. बता दें कि शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए नहीं चुना गया था जिसके बाद शमी ने कहा था कि वो अभी पूरी तरह से फिट है लेकिन फिर भी उन्हें चांस नहीं मिल रहा है. इस बारे में अजीत अगरकर ने शमी को लेकर कहा, “अगर वह मुझसे ऐसा कहता है, तो शायद मैं उसका जवाब दूंगा. मेरा मतलब है कि अगर वह यहां होता, तो शायद मैं ऐसा करता. मुझे ठीक से पता नहीं है कि उसने सोशल मीडिया पर क्या कहा, अगर मैं यह पढ़ूं, तो शायद उसे फ़ोन कर दूं, लेकिन मेरा फ़ोन सभी खिलाड़ियों के लिए हमेशा चालू रहता है. पिछले कुछ महीनों में मेरी उससे कई बार बातचीत हुई है, लेकिन मैं यहां आपको कोई हेडलाइन नहीं देना चाहता. “

अगरकर ने आगे कहा, “वह भारत के लिए एक अद्भुत प्रदर्शनकर्ता रहा है. अगर उसने कुछ कहा है, तो शायद यह बात उसे मुझसे करनी चाहिए, लेकिन इंग्लैंड से पहले भी हमने कहा था कि अगर वह फिट होता, तो वह विमान में होता. दुर्भाग्य से, वह फिट नहीं था और हमारा घरेलू सीज़न अभी शुरू हुआ है.”
अगरकर ने आगे कहा कि “हम उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चाहते थे, लेकिन अगर पूरी तरह से फिट नहीं थे. जितना मुझे पता है कि वह अभी पूरी तरह से फिट नहीं है”.

चयनकर्ता अजीत अगरकर ने आगे ये भी कहा, “अभी घरेलू क्रिकेट शुरू हुआ है और देखना होगा कि वह कितने फिट हैं और यह कैसे जाता है. अभी रणजी का पहला राउंड शुरू हुआ है और अगर वो फिट हैं और क्वालिटी गेंदबाजी कर रहे हैं, तो आप शमी जैसे गेंदबाज क्यों नहीं चाहेंगे.” बता दें कि 47 साल के अगरकर 4 जुलाई 2023 से बीसीसीआई चयन समिति के अध्यक्ष हैं.
दूसरी ओर शमी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, “भारतीय टीम में चयन उनके हाथ में नहीं है. मेरा काम तैयारी करना और मैच खेलना है. मुझे तैयारी के लिए मैच मिलते हैं, या मुझे कहीं भी खेलने का मौका दिया जाता है, तो मैं तैयार रहूंगा. फिटनेस संबंधी कोई समस्या होती, तो मैं यहां नहीं होता. अगर मैं चार दिवसीय (मैच) खेल सकता हूं, तो मैं 50 ओवर (वनडे) भी खेल सकता हूं. ”
मोहम्मद शमी ने आखिरी बार भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था. भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में चैंपियन रही थी. इसके बाद शमी को किसी भी फॉर्मेट में मौका नहीं मिला है.