गुजरात में CM को छोड़ सभी 16 मंत्रियों का इस्तीफा, कल मिलेगी नई कैबिनेट; जानें ‘मिशन क्लीन’ की वजह

गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट का विस्तार शुक्रवार को होगा. इस दौरान लगभग 10 नए मंत्री मिलने की संभावना है.

गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर बाकी सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है. अधिकारियों ने बताया कि राज्य कैबिनेट का शुक्रवार को विस्तार किया जाएगा. मनोनीत मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11.30 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में होगा. राज्यपाल आचार्य देवव्रत समारोह के दौरान विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.

बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया था कि आगामी कैबिनेट विस्तार में राज्य को लगभग 10 नए मंत्री मिल सकते हैं. मंत्रिमंडल फेरबदल की देखरेख बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जो गुरुवार शाम को गुजरात पहुंचेंगे.

कैबिनेट विस्तार को लेकर उनकी सीएम भूपेंद्र पटेल, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें होनी हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में चर्चा गुजरात मंत्रिमंडल में फेरबदल और राज्य के अन्य प्रमुख संगठनात्मक मामलों पर केंद्रित रहने की उम्मीद है.

नड्डा का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के कुछ दिनों बाद हो रहा है, जहां गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य कैबिनेट में बदलावों पर चर्चा की थी.

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि जेपी नड्डा का यह गुजरात दौरा कैबिनेट फेरबदल को अंतिम मंजूरी देने और गुजरात में स्थिति मजबूत करने के लिए पार्टी की रणनीति की समीक्षा करने के उद्देश्य से हो रहा है.

बीजेपी का यह कैबिनेट फेरबदल मिशन 2027 के लिहाज से अहम माना जा रहा है. पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नए समीकरणों को परखने की भी कोशिश करेगी.  यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि युवा नेता गोपाल इटालिया के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी, भाजपा के पाटीदार गढ़ में अपनी पैठ बढ़ा रही है.

गुजरात कैबिनेट में यह फेरबदल नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा की नियुक्ति के कुछ दिनों बाद हो रहा है. गुजरात सरकार में राज्य मंत्री रहे विश्वकर्मा को केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह गुजरात बीजेपी की कमान सौंपी गई है.