The Odyssey Advance Booking: क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होने वाली है. इससे पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हुई और टिकट की कीमतों ने सबको हैरान कर दिया.The Odyssey Advance Booking: क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ बहुत जल्द थियेटर्स में आने वाली है. इससे पहले 8 जून को पूरे भारत में आईमैक्स शो के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हुई. एडवांस बुकिंग क्या शुरू हुई टिकट्स की कीमतों ने तो जनता को हैरान ही कर दिया. मुंबई और पुणे में प्रीमियम सीटों की कीमत 3,000 रुपये तक थी, और मुंबई में कुछ लेट नाइट के शो के लिए टिकट की कीमत 3,300 रुपये तक थी जो देश में अभी बिक रहे सबसे महंगे सिनेमा टिकटों में से एक हैं. महंगी कीमतों के बावजूद डिमांड में कोई कमी नहीं देखी गई. कई शो की बुकिंग तेजी से हुई और सीटें कुछ ही मिनटों में बिक गईं. साथ ही अलग-अलग शहरों में कीमतों में बड़े फर्क को लेकर ऑनलाइन बहस भी छिड़ गई. कई फैन्स ने सवाल उठाया कि शहर और शो के समय के आधार पर एक ही फिल्म के एक्सपीरियंस की कीमत कई गुना ज्यादा कैसे हो सकती है.
कुछ लोगों ने यह भी कहा कि भले ही फिल्म पूरी तरह से आईमैक्स कैमरों से शूट की गई है, लेकिन भारत के ज्यादातर थिएटर इसे आईमैक्स 70mm में दिखाने के लिए तैयार नहीं हैं – यह एक ऐसा फॉर्मेट है जो नोलन की फिल्मों की पहचान ही समझिए. फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही एक्स पर फैन्स ने तुरंत रिएक्शन दिए. एक यूजर ने लिखा, “द ओडिसी के लिए भारत में अब तक की सबसे ज्यादा टिकट कीमत – पुणे आईमैक्स में 3000 रुपये. क्रिस्टोफर नोलन यहां एक बहुत बड़ा ब्रांड हैं!”
एक यूजर ने कहा, “भारत में The Odyssey का क्रेज जबरदस्त है. टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए. ऐसा तब होता है जब कोई कास्ट या डायरेक्टर प्रमोशन के लिए भारत नहीं आता. यह क्रिस्टोफर नोलन की लेगेसी है. टिकट बेचने के लिए बस उनका नाम ही काफी है.” एक ने लिखा, ‘भारत में THE ODYSSEY के टिकट 3,200 रुपये जैसी मोटी कीमत पर बिक रहे हैं और सबसे हैरानी की बात यह है कि वे कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट भी हो रहे हैं. नोलन के लिए जबरदस्त क्रेज.’
अकादमी अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन की लिखी और उनके डायरेक्शन में बनी यह फिल्म होमर की महाकाव्य पर बेस्ड है, जो इथाका के राजा ओडिसियस और ट्रॉय के पतन के बाद घर लौटने की उनकी खतरनाक यात्रा के बारे में है. मैट डेमन ने ओडिसियस का किरदार निभाया है, जबकि टॉम हॉलैंड टेलीमैकस और ऐनी हैथवे पेनेलोप के किरदार में हैं.