सबमरीन की मायावी दुनिया: समुद्र में छिपे रहते हैं ये साइलेंट किलर, अकेले दम पर युद्ध का रुख बदल देते हैं

सबमरीन युद्ध की सबसे खतरनाक ताकत मानी जाती है. समुद्र के भीतर छुपे रहने, तेज चलने, आसानी से दुश्मन के रडार पर नहीं पकड़े जाने की क्षमता ने इसे समुद्री दानव बना दिया है. चलिए इस मायावी दुनिया और इसके बेहद ताकतवर मशीनी दानव की कहानी जानते हैं.अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ईरानी युद्धपोत को टॉरपीडो अटैक से हिंद महासागर में डुबो दिया है. हालांकि अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने युद्धपोत का नाम नहीं बताया पर उनके इस दावे की पुष्टि श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय के सचिव एयर वाइस मार्शल सम्पथ थुइयाकोंठा ने की और संसद में श्रीलंकाई विदेश मंत्री ने बताया कि आईआरआईएस डेना (IRIS Dena) से आपातकालीन संकेत मिले हैं. बाद में ये भी बताया कि 80 शव मिले हैं. अपनी मौत से कुछ दिन पहले, IRIS डेना के ईरानी नाविकों ने भारत की नेवल एक्सरसाइज में मार्च किया था. ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस डेना भारत में युद्धाभ्यास करके लौट रहा था. श्रीलंका के पास एक अमेरिकी सबमरीन ने उनके जहाज पर टॉरपीडो से हमला किया. 180 लोगों के क्रू में से कम से कम 80 लोग मारे गए, 100 से अधिक लापता हैं.

समुद्र के नीचे की मायावी दुनिया
सबमरीन यानी पनडुब्बी समुद्र में छिपे रहते हैं लेकिन ये इतने ताकतवर होते हैं कि युद्ध का रुख बदल सकते हैं. इसीलिए समुद्र के नीचे की दुनिया को मायावी कहें तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगी. समुद्र के नीचे की दुनिया इसलिए भी मायावी है क्योंकि वहां जो दिखता नहीं है, वही सबसे ज्यादा असर डालता है. समुद्र की सतह ऊपर से सामान्य लगती है, लेकिन नीचे की दुनिया में रहस्यमई तरीके से छिपी, उन्नत तकनीक से लैस पनडुब्बियां युद्ध की अपनी रणनीति से दुश्मन के लिए बहुत बड़ा खतरा बन कर उभरती हैं. समुद्र की गहराई में सूरज की रोशनी नहीं पहुंचती. 200 मीटर के बाद ट्वाइलाइट जोन शुरू हो जाती है और 1000 मीटर के बाद लगभग पूरा अंधेरा. यही अंधेरा पनडुब्बियों को अदृश्य बना देता है. रडार वहां काम नहीं करता, सिर्फ सोनार पर निर्भर रहना पड़ता है और सोनार भी हर बार सटीक नहीं होता. इसलिए समुद्र के नीचे क्या चल रहा है, इसका पता लगाना बेहद मुश्किल है.
पनडुब्बियां करती रही हैं सेकेंड स्ट्राइक

पानी में आवाज हवा से तेज चलती है. पनडुब्बियां आवाज के जरिए एक-दूसरे को खोजती हैं. लेकिन समुद्र में थर्मल लेयर यानी तापमान की अलग-अलग परतें ध्वनि को मोड़ देती हैं. इसका मतलब ये है कि समुद्र के नीचे पनडुब्बी आपके पास हो सकती है, आपके पास से गुजर रही होगी पर आपको पता भी नहीं चलेगा. यही वजह है कि इसे कैट-एंड-माउस गेम कहा जाता है. आधुनिक परमाणु पनडुब्बियां महीनों तक सतह पर आए बिना रह सकती हैं. अमेरिका की जॉर्ज वाशिंगटन जैसी बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों ने शीत युद्ध में सेकंड स्ट्राइक सिद्धांत को जन्म दिया. यानी, अगर कोई देश आप पर पहला परमाणु हमला करे, तो अगर किसी देश के पास समुद्र में छिपी उसकी पनडुब्बियां हैं तो वो जवाबी हमला कर सकती हैं. मतलब, युद्ध खत्म नहीं होता, क्योंकि समुद्र के नीचे की आपकी मायावी दुनिया बदला लेने की ताकत जिंदा रखती हैं.अंडरवॉटर बीस्ट
आज दुनिया की सबसे खतरनाक पनडुब्बियां परमाणु ऊर्जा से चलती हैं. वे महीनों तक बिना सतह पर आए रह सकती हैं. कुछ के पास बैलिस्टिक मिसाइलें हैं जो हजारों किलोमीटर दूर तक परमाणु वार कर सकती हैं. यही वजह है कि सबमरीन को अंडरवॉटर बीस्ट कहा जाता है. वे युद्ध की दिशा बदल सकती हैं. वे दुश्मन को दिखे बिना तबाह कर सकती हैं और सबसे बड़ी बात, वे परमाणु हमले के बदले की आखिरी गारंटी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *