श्रीलंका में तबाही मचाकर भारत की तरफ बढ़ा ‘दित्वा’ तूफान, IMD महानिदेशक ने बताया खतरा कितना बड़ा

IMD महानिदेशक डॉ. महापात्रा ने बताया कि रविवार शाम तक तूफान दित्वा की तीव्रता बनी रह सकती है. इसके असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी के पास समुद्र में हवा की रफ्तार 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है.श्रीलंका में भयंकर तबाही मचाने के बाद चक्रवात ‘दित्वा’ शनिवार को बंगाल की खाड़ी में दक्षिण भारत के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ गया. श्रीलंका में इस तूफान से सुबह 9 बजे तक 123 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी गई थी और 130 लोग लापता बताए गए हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने NDTV से खास बातचीत में बताया कि शनिवार आधी रात तक तूफान के तमिलनाडु तट से करीब 60 किलोमीटर दूर पहुंचने का अनुमान है. रविवार सुबह तक यह पुडुचेरी के तटीय इलाकों के आसपास केंद्रित रहेगा.
तमिलनाडु-पुडुचेरी में 70-80 की रफ्तार से समुद्री हवाएं
डॉ. महापात्रा ने बताया कि रविवार शाम तक चक्रवाती तूफान दित्वा की तीव्रता बरकरार रहने की संभावना है. इसके असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी के आसपास समुद्र में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के पास भी समुद्री हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है.

तमिलनाडु तट पर 90 की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
आईएमडी प्रमुख ने बताया कि रविवार को दिन में तमिलनाडु तट के नजदीक समुद्री हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक बनी रहेगी. तमिलनाडु और पुडुचेरी के करीब समुद्र में 8 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं. इन राज्यों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.