नमस्ते किया, फिर हाथ पकड़ आजम खान के यूं साथ चले अखिलेश, यूपी की सियासत में इस तस्वीर के क्या मायने

Azam Khan News: उत्तर प्रदेश की सियासत 2027 के विधानसभा चुनाव के पहले लगातार उतार-चढ़ाव देख रही है. अभी तक एसपी चीफ अखिलेश यादव से नाराज रहने वाले आजम खान आज उनसे मिले. अब सबकी नजरें इसके नतीजे पर है.

तो जिस मुलाकात का इंतजार यूपी की सियासत में सबको था, आज वो हो गई. खुद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे. उनका मकसद था आजम खान से मिलने का. तो मिलने की तस्वीर भी आ गई है. आजम के घर पर अपनी कार से उतरते ही अखिलेश ने सबसे पहले वहां हाथ जोड़कर लोगों को नमस्ते किया. तभी पीछे से आजम खान आते हैं और फिर वो तस्वीर सामने आई जिसपर सबकी नजर थी.

बेहद खास है ये तस्वीर 

यूपी की सियासत आजम खान आज भी मौजूं बने हुए हैं. कभी एसपी के दिवंगत चीफ रहे मुलायम सिंह यादव के खासम खास आजम खान से मिलने आज खुद मुलायम के बेटे अखिलेश आए थे. मौसम खुशनुमा था तो तस्वीर भी कुछ वैसी ही आई है. हाथ जोड़कर सबका अभिवादन करने के बाद अखिलेश ने आजम के आने का इंतजार किया. आजम जैसे ही आए वहां खड़े लोगों को कुछ इशारा किया. तब अखिलेश ने मानो उनसे पूछा किसे कह रहे हैं. और फिर अखिलेश ने जैसे ही आजम खान उनके बगल में आए, उनका हाथ पकड़ा उनके साथ-साथ चल पड़े.

मुस्कुराते हुए अखिलेश ने दे दिया संकेत 

इसके बाद अखिलेश ने वहां खड़े मीडियाकर्मियो को मुस्कुराते हुए शायद ये संदेश देने की कोशिश की कि हम अभी भी एक हैं. अखिलेश ने मुस्कुराते हुए हाथ उठाया. उन्होंने हाथ उठाते हुए कई बार आजम की तरफ इशारा भी किया. इस दौरान आजम ने भी लोगों को कुछ कहा. कहा जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच ये मुलाकात करीब एक घंटे चलने वाली है.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आजम खान को 23 महीने बाद कोर्ट ने जेल से रिहा करने का आदेश दिया था. वह 22 अक्तूबर 2023 से जेल में बंद थे. आजम ने अखिलेश के साथ मुलाकात के लिए एक शर्त भी रखी थी. उन्होंने कहा था कि अखिलेश अकेले आएं और उनके साथ कोई और नहीं आए. अखिलेश ने भी आजम की शर्त मानी और अकेले ही उनके घर पहुंचे. अब देखने वाली बात ये है कि इस मुलाकात के बाद राज्य की सियासी फिजा में क्या बदलाव आएंगे.