देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक हिंदू युवक की हत्या से माहौल बिगड़ गया है. जिस हिंदू युवक की हत्या हुई वो बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया जाता है. उसकी हत्या के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आगजनी और पत्थरबाजी शुरू कर दी है.उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक हिंदू युवक की हत्या से माहौल बिगड़ गया है. हिंदू युवक विनोद कश्यप की कुछ लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी. जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा है. भीड़ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग कर रहे हैं. वहीं कुछ आक्रोशित लोगों की भीड़ ने आरोपियों के घर पर हमला कर उसे भी आग के हवाले कर दिया है. फिलहाल पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है. आस-पास के थानों की कई टीम इलाके में कैंप कर रही है.
3 नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज
देहरादून के सहसपुर पुलिस स्टेशन इलाके के बैरागीवाला गांव में कल देर शाम पानी को लेकर हुए झगड़े के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई. पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन नामजद आरोपियों और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने पहले आरोपियों के घरों पर पत्थरबाजी की और बाद में उनमें से एक घर में आग लगा दी. इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हालात पर नज़र रखी जा रही है.
पुलिस से धक्कामुक्की, जमकर पथराव भी हुआ
दरअसल देहरादून के विकासनगर इलाके में स्थित बैरागीवाला गांव में बजरंग दल के कार्यकर्ता विनोद की हत्या के बाद तनाव का माहौल हो गया है. इलाके में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आगजनी और पत्थरबाजी शुरू कर दी है. विनोद की हत्या में शामिल आरोपी युवकों के घरों को गुस्साई भीड़ ने आग के हवाले कर दिया है. भीड़ की पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जमकर पथराव भी हुआ. एसपी देहात ने बताया- पानी लगाने के विवाद में हुई हत्या
पूरे घटनाक्रम पर एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुए मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने गांव में जमा होकर विनोद नामक युवक को पीट-पीट कर हत्या कर दी. जबकि तीन अन्य लोगों को बुरी तरह से घायल कर दिया. घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसपी देहात ने आगे बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोग आक्रोशित हैं. प्रदर्शनकारियों से बात की जा रही है. आरोपियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस टीम आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है. शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
बैरागीवाला गांव में विकास पर हुए हमले का CCTV भी आया सामने
बैरागीवाला गांव में विकास नामक युवक पर हुए हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है. जिसमें लाठी-डंडों से लैस लोग सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग जान बचाने के लिए भाग रहे हैं, तो कहीं चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है.
NH जाम, विधायक भी पहुंचे, थाना प्रभारी को लगाई लताड़
बैरागीवाला गांव में दो समुदाय के लोगों बीच हुए खूनी संघर्ष में हिंदू युवक की मौत को लेकर हिंदू समुदाय की भीड़ द्वारा गांव में जोरदार विरोध प्रदर्शन कर NH जाम किया गया. आरोपियों पर तुरंत एक्शन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारी तीखी नोंकझोंक देखने को मिली. विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना चौहान ने पीड़ित हिंदू परिवार से मिलकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.
विधायक ने मामले में सहसपुर कोतवाली पुलिस के मौजूदा थाना प्रभारी को सख्त लहजे में जमकर लताड़ लगाते हुए हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
प्रदर्शनकारी बोले- हिंदू युवक की मॉब लिचिंग हुई
इस दौरान प्रदर्शनकारियों का कहना है कि समुदाय विशेष देवभूमि को कश्मीर बनाना चाहता है. यह घटना कोई मामूली घटना नहीं है. एक हिंदू युवक की मॉब लिचिंग की गई. प्रदर्शन में शामिल हिंदूवादी संगठन के लोगों का आरोप है कि आरोपी पक्ष झगड़ालू प्रवत्ति के है. पहले भी जनप्रतिनिधि पर हमला कर चुके हैं.