साउथ कोरिया ने कहा है कि किम जोंग की सुरक्षा संभालने वाली तीन सरकारी एजेंसियों में नए बॉस तैनात कर दिए गए हैं.नॉर्थ कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन ने अपनी सुरक्षा में लगे तीन शीर्ष अधिकारियों को बदल दिया है. मंगलवार, 13 जनवरी को यह दावा साउथ कोरिया की तरफ से किया गया है. यह एक संकेत है कि तानाशाह के अंदर इस बात का डर बढ़ गया है कि उसकी हत्या की साजिशें रची जा रही हैं. साउथ कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के पास नॉर्थ कोरिया के साथ संबंधों को मैनेज करने की जिम्मेदारी है. उसने कहा है कि किम जोंग की सुरक्षा संभालने वाली तीन सरकारी एजेंसियों में नए बॉस तैनात कर दिए गए हैं.
एकीकरण मंत्रालय ने कहा कि यह फेरबदल अक्टूबर में एक सैन्य परेड के दौरान देखा गया था. नॉर्थ कोरिया में किम जोंग के बॉडीगार्ड कमांड के पास ड्रोन या इलेक्ट्रॉनिक हमलों के खिलाफ सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है और उसके टॉप बॉस में भी बदलाव हुआ है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक विशेषज्ञ ने कहा कि यह फैसला यूक्रेन में रूस के युद्ध में सहायता के लिए सेना भेजने के किम जोंग के फैसले से जुड़ा हो सकता है.
कोरिया इंस्टीट्यूट फॉर नेशनल यूनिफिकेशन के एक एनालिस्ट होंग मिन ने एएफपी को बताया, “किम के सिक्योरिटी डिटेल्स के पैटर्न में अक्टूबर 2024 से बदलाव का पता चला था, जब उन्होंने नॉर्थ कोरियाई सैनिकों को रूस में तैनात किया था. तैनाती के कारण अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आने के बाद किम जोंग को लगा होगा कि उनके खिलाफ हत्या का प्रयास किया जा सकता है और उस साजिश में यूक्रेनियन लोग शामिल हो सकते हैं.”
साउथ कोरिया की जासूसी एजेंसी ने पहले कहा था कि किम ने अपनी जान पर हमले के खतरे के कारण अपने आसपास सुरक्षा का स्तर बढ़ा दिया है. एजेंसी ने कहा कि किम जोंग के ऑफिस ने कम्युनिकेशन सिग्नल को जैम करने वाले सिस्टम और ड्रोन का पता लगाने वाले गियर की खरीद की है.
पिछले साल किम जोंग कई मौके पर अपनी बेटी जू ए के साथ आधिकारिक तौर पर देखें गए हैं. हाल ही में दोनों परमाणु-संचालित पनडुब्बी के निरीक्षण के लिए फैक्ट्री पहुंचे थे. विश्लेषकों का कहना है कि किम जोंग की बेटी के हाथ में ही नॉर्थ कोरिया की तानाशाही आ सकती है.