ईरान की जंग में होगी अरब देशों की एंट्री? नेतन्याहू बोले- ‘नए अलायंस बन रहे हैं, जो हमारे साथ मिलकर लड़ेंगे’

ईरान के साथ जारी जंग के बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अरब देशों के साथ अलायंस बन रहा है, जो हमारे साथ मिलकर जंग लड़ने के लिए तैयार हैतेल अवीव:
ईरान के साथ चल रही इजरायल की जंग में क्या अब अरब देशों की भी एंट्री होने वाली है? ऐसा इसलिए क्योंकि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि अरब देशों के नेताओं के साथ नए गठबंधन बन रहे हैं, जो हमारी तरफ से मिलकर लड़ने की बात कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि नेतन्याहू ने यह बात कैबिनेट के साथ हुई बैठक में कही.

नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग को एक महीने से ज्यादा हो गया है और खाड़ी देशों पर ईरानी हमले जारी हैं. एक दिन पहले इजरायली राजदूत ने भी दावा किया था कि खाड़ी देश इजरायल से मदद मांग रहे हैं.

नेतन्याहू ने क्या कहा?

रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने कहा, ‘पहले मैंने अरब नेताओं के साथ सीक्रेट टॉक की थी. मैंने उनसे कहा था कि जैसे ही ईरान को मौका मिलेगा, वह आप पर कब्जा कर लेगा और आपकी सत्ता को उखाड़ फेंकेगा. उस समय उन्होंने मेरी बात को गंभीरता से नहीं लिया था. लेकिन आज वे इस बात को समझ रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि ‘हम अरब देशों के साथ ऐसे गठबंधन बना रहे हैं जो हमारे साथ मिलकर लड़ने की बात कर रहे हैं.’इजरायली राजदूत ने भी कही थी ऐसी ही बात

नेतन्याहू का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब एक दिन पहले ही अमेरिका में राजदूत येहिएल लीटर ने पॉडकास्ट में कहा था कि खाड़ी देश इजरायल से मदद मांग रहे हैं. पॉडकास्ट में उन्होंने दावा करते हुए कहा था, ‘पिछले एक महीने में हमारे कुछ सहयोगी और भी बड़े सहयोगी बन गए हैं. चाहे वह UAE हो या बहरीन, सऊदी अरब हो या ओमान, मुझे लगता है कि इनके और करीब आ गए हैं. यहां तक कि हम कुवैत के भी और करीब आ गए हैं. उन्होंने हमसे मदद मांगी है.’ उन्होंने यह भी कहा था कि इजरायल और उसके सहयोगी मिलकर काम करते रहेंगे.
खाड़ी देशों में जारी है ईरान के हमले

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने हमला किया तो इसमें ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई मारे गए. इसके बाद जंग भड़क गई और ईरान ने बदला लेने के लिए उन खाड़ी देशों पर हमला कर दिया, जहां अमेरिका के सैन्य अड्डे हैं. ईरान ने सऊदी अरब, UAE, कतर, कुवैत, बहरीन समेत कई खाड़ी देशों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है. इन हमलों में अब तक खाड़ी देशों में 20 लोग मारे जा चुके हैं.