ईरानी सेना का दावा- नहीं टल पाएगी अमेरिकी से जंग, वजह भी बताई

एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ एक हफ्ते के अंदर समझौता हो जाएगा, वहीं ईरानी सेना के एक सीनियर अधिकारी ने दावा किया है कि जंग को चाहकर भी टाला नहीं जा सकता.क्या ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर खुली जंग की आहट सुनाई दे रही है? दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत अब अटकती हुई नजर आ रही है और इसी बीच ईरान की सेना के एक बड़े अधिकारी ने ऐसा बयान दिया है जिसने दुनिया का ध्यान खींच लिया है. इस अधिकारी ने साफ साफ कह दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच की जंग चाहकर भी टाली नहीं जा सकती. उन्होंने इसके लिए अपने तर्क भी दिया हैं.

ईरानी सेना के अधिकारी ने क्या कहा है?
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के साथ फिर से संघर्ष होना तय है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब तेहरान और वॉशिंगटन के बीच चल रही बातचीत रुकती हुई दिखाई दे रही है. ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान खातम अल-अंबिया के उप प्रमुख मोहम्मद जाफर असदी ने कहा, “अमेरिका हमसे पूरी तरह आत्मसमर्पण करने की मांग कर रहा है, लेकिन ईरानी जनता कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगी.”

उन्होंने कहा, “जब आत्मसमर्पण नहीं होगा, तो युद्ध होना तय है.” मोहम्मद जाफर असदी ने आगे कहा, “हमने अभी तक अपने सभी पत्ते नहीं खोले हैं.” यानी उन्होंने दावा किया है कि ईरान के पास अभी भी ऐसी ताकत और योजनाएं हैं जिन्हें उसने दुनिया के सामने नहीं रखा है.

ट्रंप को एक हफ्ते में समझौते की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को लेकर जल्द कोई बड़ी प्रगति देखने को मिल सकती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर ईरान के साथ ऐसा समझौता हो सकता है, जिससे दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम बना रहे और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही फिर से सामान्य हो सके.एबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें एक हफ्ते के अंदर समझौते की संभावना दिखाई दे रही है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (MoU) को अभी उनकी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है. यह मसौदा खास तौर पर होर्मुज मार्ग को पूरी तरह खोलने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. ट्रंप के अनुसार, कुछ मुद्दों पर अभी भी सहमति बनना बाकी है. ट्रंप का यह बयान उनके सोमवार के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ चल रही बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *