अमेरिका की कैद में है ‘जादू’? ट्रंप ने एलियंस, UFO और Area 51 के हर राज खोलने के आदेश दिए

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वे अपनी फेडरल एजेंसियों को UFO और एलियंस से जुड़े सरकारी दस्तावेजों की पहचान करने और उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे रहे हैं.क्या अमेरिकी सरकार ने नेवादा रेगिस्तान में स्थित अपने गुप्त एयर बेस एरिया 51 (Area 51) में एलियन छिपाकर रखे हैं? क्या धरती से परे दूसरी दुनिया में भी कोई रहता है और अमेरिकी सरकार को इसकी जानकारी है? क्या सच में UFO होते हैं? यह कुछ ऐसे सवाल हैं जो पूरी दुनिया में कौतुहल का विषय है. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन्हीं सवालों का जवाब दुनिया के सामने रखने वाले हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार, 19 फरवरी को कहा कि वे अपनी एजेंसियों को UFO और एलियंस से जुड़े सरकारी दस्तावेजों की पहचान करने और उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे रहे हैं. यह मांग कई अमेरिकी नागरिक दशकों से कर रहे थे.

काम की बात: एलियन शब्द का सामान्य अर्थ ‘विदेशी’ या ‘पराया’ होता है, लेकिन विज्ञान में इसका अर्थ धरती से परे जीवन से हैं. ये जीवन के किसी भी रूप में हो सकते हैं, एक साधारण बैक्टीरिया जैसे सूक्ष्म जीव से लेकर इंसानों की तरह अत्यधिक बुद्धिमान और विकसित प्राणी तक. वहीं UFO का अर्थ ‘अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट’ है, जिसे हिंदी में अज्ञात उड़ने वाली वस्तु या अक्सर ‘उड़न तश्तरी’ कहा जाता है. यह आसमान में दिखने वाली कोई भी ऐसी हवाई घटना या वस्तु है, जिसकी पहचान तुरंत नहीं की जा है. इन्हें अक्सर एलियन अंतरिक्ष यान माना जाता है. एरिया 51 अमेरिका का एक बेहद गोपनीय सैन्य बेस है, जिसे लेकर UFO से जुड़ी कईं कॉन्सपिरेसी थ्योरी जुड़ी हैं.
ट्रंप ने क्या कहा है?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि लोगों की जबरदस्त रुचि को देखते हुए वह अमेरिका के रक्षा मंत्री और अन्य संबंधित विभागों व एजेंसियों को निर्देश दे रहे हैं कि एलियन और पृथ्वी से बाहर के जीवन, अज्ञात हवाई घटनाओं (UAP) और UFO से जुड़े सरकारी दस्तावेजों को पहचान कर जारी किया जाए.

उन्होंने यह साफ नहीं किया कि गोपनीय दस्तावेज आम लोगों के लिए जारी किए जाएंगे या नहीं. लेकिन उन्होंने कहा कि इन फाइलों में इन जटिल लेकिन बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी हर तरह की जानकारी शामिल होनी चाहिए.

ओबामा पर लगाया गंभीर आरोप
इससे पहले दिन में ट्रंप ने दावा किया कि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हाल ही में एक वायरल पॉडकास्ट में पृथ्वी से बाहर जीवन के अस्तित्व को लेकर गोपनीय जानकारी उजागर की है. दरअसल पॉडकास्ट होस्ट ब्रायन टायलर कोहेन से बात करते हुए ओबामा ने कहा था कि एलियंस असली हैं, लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा है और उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है. ओबामा ने यह भी कहा था कि एरिया 51 में कोई अंडरग्राउंड फैसिलिटी नहीं है. अगर कोई बहुत बड़ी साजिश हो और उसे अमेरिका के राष्ट्रपति से भी छुपा कर रखा गया हो, तो बात अलग है.गुरुवार को जब पत्रकारों ने इन टिप्पणियों पर सवाल किया तो ट्रंप ने कहा कि ओबामा ने गोपनीय जानकारी दी है, जो उन्हें नहीं देनी चाहिए थी. ट्रंप ने यह नहीं बताया कि ओबामा की किस बात को वह गोपनीय मानते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि ओबामा ने बड़ी गलती की है. एलियंस को लेकर अपनी निजी राय पूछे जाने पर 79 साल के ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वे असली हैं या नहीं.

पृथ्वी से बाहर किसी समझदार जीवन के अस्तित्व का अब तक कोई सबूत नहीं मिला है. हाल के वर्षों में UFO और UAP को लेकर लोगों की दिलचस्पी फिर बढ़ी है, क्योंकि अमेरिकी सरकार को ऐसी कई रिपोर्टें मिलीं जिनमें अजीब और रहस्यमय उड़ने वाले विमानों का जिक्र था. इस दौरान यह चिंता भी रही कि कहीं दुश्मन देश बहुत एडवांस तकनीक का परीक्षण तो नहीं कर रहे हैं. मार्च 2024 में पेंटागन ने एक रिपोर्ट जारी कर कहा था कि उसके पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यूएपी एलियन तकनीक हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कई संदिग्ध घटनाएं असल में मौसम के गुब्बारे, जासूसी विमान, सैटेलाइट या अन्य सामान्य गतिविधियां निकलीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *