मुंबई :
महाराष्ट्र की राजनीति में राजनीतिक विवाद और बयानबाजियों का सिलसिला कभी थमता नजर नहीं आता है. प्रदेश में अब लाडकी बहिन योजना (लाडली बहना योजना) का मुद्दा गरमा गया है. एनसीपी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के लाडकी बहिन योजना में भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाने के बाद अब उप मुख्यमंत्री अजित पवार का इस मुद्दे पर बयान सामने आया है, जिसमें अजित पवार ने माना कि इस योजना का लाभ पुरुषों ने भी उठाया है. उन्होंने कहा कि जिन पुरुषों ने लाडकी बहिन योजना का पैसा लिया है, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.
शिरडी में अजित पवार ने माना कि लाडकी बहिन योजना का लाभ पुरुषों ने भी उठाया है. अजित पवार ने कहा, ”लाडकी बहिन योजना का पैसा पुरुषों ने ले लिया, उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा… यह पैसा जरूरतमंदों को दिया जाएगा… अगर गलत हो रहा है तो इसे रोका जाना चाहिए… हर साल 45 हजार करोड़ हमारी प्यारी बहनों के खाते में जाते हैं.”
लाभार्थियों की सूची में 14 हजार पुरुष भी शामिल!
लाडकी बहिन योजना के नाम पर महाराष्ट्र में पुरुषों द्वारा योजना का लाभ उठाने का गंभीर मामला महाराष्ट्र में सुर्खियां बटोर रहा है. एनसीपी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने लाडकी बहिन योजना में भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है. सुप्रिया सुले ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि अगस्त 2024 में शुरू इस योजना के लाभार्थियों की सूची में 14 हजार पुरुष भी हैं. ऐसे लोगों में करीब 21 करोड़ रुपये बांटे गए हैं.